दिल्ली: यात्रियों की बढ़ती भीड़ के बीच दिल्ली मेट्रो ने बढ़ाईं सेवाएं, अतिरिक्त ट्रेनें और फेरे शुरू
नई दिल्ली, 23 सितंबर (आईएएनएस)। दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (डीएमआरसी) ने यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए अपनी सेवाओं में इजाफा किया है। यात्रियों की आवाजाही को सुचारू बनाने के लिए 16 सितंबर से दिल्ली मेट्रो के पूरे नेटवर्क पर अतिरिक्त ट्रेनें चलाई जा रही हैं और ट्रेनों के फेरे भी बढ़ाए गए हैं।
डीएमआरसी के अनुसार, 16 सितंबर को 8 अतिरिक्त ट्रेनें चलाई गईं और पूरे नेटवर्क पर 20 अतिरिक्त फेरे लगाए गए। इसके अगले दिन 17 सितंबर को भी 8 अतिरिक्त ट्रेनें चलाई गईं, जबकि अतिरिक्त फेरों की संख्या बढ़ाकर 32 कर दी गई।
यात्रियों की बढ़ती मांग को देखते हुए डीएमआरसी ने 18 सितंबर को 8 अतिरिक्त ट्रेनों के साथ 38 अतिरिक्त फेरे संचालित किए। 19 सितंबर को 8 अतिरिक्त ट्रेनें और 50 अतिरिक्त फेरे तथा 20 सितंबर को 8 अतिरिक्त ट्रेनें और 43 अतिरिक्त फेरे चलाए गए।
इसके बाद 21 सितंबर को दिल्ली मेट्रो ने 10 अतिरिक्त ट्रेनें चलाने के साथ 44 अतिरिक्त फेरे लगाए। वहीं, 22 सितंबर को परिचालन की जरूरत के अनुसार 10 अतिरिक्त ट्रेनें और 39 अतिरिक्त फेरे संचालित किए गए।
स्टेशनों पर यात्रियों की भीड़ को संभालने के लिए डीएमआरसी ने 40 से अधिक अतिरिक्त कस्टमर फैसिलिटेशन एजेंट (सीएफए) भी तैनात किए हैं। इसके अलावा, पूरे नेटवर्क पर करीब 17 अतिरिक्त टिकट ऑफिस मशीन यानी टिकट काउंटर चालू किए गए हैं।
डीएमआरसी के मुताबिक, अतिरिक्त सेवाओं की यह व्यवस्था खासतौर पर व्यस्त समय के दौरान यात्रियों की बढ़ी हुई संख्या को संभालने और उनकी यात्रा को अधिक सुविधाजनक बनाने के उद्देश्य से की गई है।
इस बीच दिल्ली मेट्रो ने एक दिन में यात्री बोर्डिंग का अपना अब तक का सबसे बड़ा रिकॉर्ड भी बनाया है। 17 सितंबर 2026 को दिल्ली मेट्रो में 82,44,903 यात्री बोर्डिंग दर्ज की गई।
इस आंकड़े ने पिछले रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया। इससे पहले 8 अगस्त 2025 को 81,87,674 यात्री यात्राएं दर्ज की गई थीं।
डीएमआरसी अधिकारियों की ओर से यात्रियों की आवाजाही पर लगातार नजर रखी जा रही है और जरूरत के हिसाब से ट्रेनों के फेरों की संख्या बढ़ाई जा रही है।
डीएमआरसी ने कहा कि वह हर दिन लाखों यात्रियों को सुरक्षित, भरोसेमंद और प्रभावी मेट्रो सेवा उपलब्ध कराने के साथ उनकी यात्रा को सुविधाजनक बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।
--आईएएनएस
एएमटी/डीकेपी

