दिल्ली: ‘वर्क-फ्रॉम-होम’ ऑनलाइन ठगी का भंडाफोड़, राजस्थान से 20 वर्षीय छात्र गिरफ्तार
नई दिल्ली, 4 मई (आईएएनएस)। दिल्ली पुलिस की साइबर सेल (सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट) ने 'वर्क-फ्रॉम-होम' के नाम पर ठगी करने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ किया है। इस मामले में राजस्थान के करौली जिले से 20 वर्षीय वेटनरी साइंस के छात्र अनुज मीणा को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार, यह गिरोह इंस्टाग्राम पर 'हैंडराइटिंग वर्क' के नाम से फर्जी विज्ञापन डालकर नौकरी की तलाश कर रहे लोगों को निशाना बनाता था और उनसे अलग-अलग बहानों से पैसे वसूलता था।
29 अप्रैल 2026 को सीता राम बाजार, दिल्ली निवासी एक व्यक्ति ने साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई। उसने बताया कि उसे इंस्टाग्राम आईडी के जरिए घर बैठे काम करने का ऑफर मिला। गिरोह ने उसे रजिस्ट्रेशन फीस के नाम पर 500 रुपए, मटेरियल चार्ज के नाम पर 1987 रुपए, जीएसटी के नाम पर 1755 रुपए और अकाउंट वेरिफिकेशन के नाम पर 3788 रुपए जमा कराने को कहा।
ठगों ने बार-बार कई बहाने बनाकर पैसे ट्रांसफर करने के लिए मजबूर किया। इस तरह उससे कुल 34,509.95 रुपए की ठगी की गई।
शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज की गई और फिर पुलिस को यूपीआई आईडी मिल गई।
तकनीकी जांच में सामने आया कि इंस्टाग्राम आईडी से जुड़े नंबर इसी खाते के मालिक से संपर्क में थे। इसके बाद पुलिस टीम ने राजस्थान के करौली में छापा मारकर 1 मई 2026 को आरोपी अनुज मीणा को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह राजस्थान के नोहर स्थित लाइवस्टॉक रिसर्च स्टेशन में वेटरनरी साइंस का छात्र है।
उसने अपने साथी गणेश शर्मा उर्फ प्रिंस उर्फ गोलू के साथ मिलकर यह ठगी शुरू की थी। दोनों ने मिलकर इंस्टाग्राम पेज बनाया और विज्ञापन चलाकर लोगों तक पहुंच बढ़ाई।
गणेश ऑनलाइन प्रोफाइल संभालता और लोगों को ठगता था, वहीं अनुज अपने नाम पर सिम कार्ड और बैंक खाते उपलब्ध कराता था और ठगी की रकम को अलग-अलग खातों में ट्रांसफर करता था। पुलिस ने आरोपी के पास से एक मोबाइल फोन और डिजिटल लेन-देन से जुड़े सबूत बरामद किए हैं।
जांच में यह भी सामने आया कि सूरत (गुजरात) से जुड़ी एक और शिकायत आरोपी के बैंक ऑफ बड़ौदा खाते से संबंधित है। पुलिस अब फरार आरोपी गणेश शर्मा की तलाश कर रही है और इस गिरोह से जुड़े अन्य पीड़ितों की पहचान की जा रही है। साथ ही ठगी की रकम किन-किन खातों में भेजी गई, इसकी भी जांच जारी है। इस पूरे मामले की जानकारी केंद्रीय जिला दिल्ली के डीसीपी रोहित राजबीर सिंह ने दी।
--आईएएनएस
एएमटी/वीसी

