Samachar Nama
×

Delhi Weather: बारिश के बाद बदला मौसम, आज 33 डिग्री तक पहुंच सकता है तापमान
 

Delhi Weather: बारिश के बाद बदला मौसम, आज 33 डिग्री तक पहुंच सकता है तापमान

दिल्ली-एनसीआर में बारिश और तेज हवाओं के चलते मौसम का मिजाज बदला हुआ है। सोमवार को राजधानी के कई इलाकों में हल्की बारिश हुई, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई और मौसम में ठंडक महसूस हुई। बारिश का असर दिल्ली की हवा की गुणवत्ता पर भी देखने को मिला। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार, सोमवार शाम 4 बजे 24 घंटे का औसत AQI 53 से 56 के बीच रहा, जो ‘संतोषजनक’ श्रेणी में है।

सोमवार को दिल्ली के रिज इलाके में 2.2 मिमी और पालम में 1 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा कुछ अन्य इलाकों में भी बहुत हल्की से हल्की बारिश हुई। राजधानी में अधिकतम तापमान 28.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 6 डिग्री कम रहा। वहीं, न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रहा।
आज कैसा रहेगा दिल्ली का मौसम?
मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार 29 सितंबर को दिल्ली में आसमान में हल्के बादल छाए रह सकते हैं। दिन के समय हल्की धूप निकलने की संभावना है। आज अधिकतम तापमान 31 से 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 20 से 23 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।
इस दौरान उत्तर-पूर्वी हवाएं करीब 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने का अनुमान है। सुबह के समय इन हवाओं के कारण मौसम में हल्की ठंडक महसूस हो सकती है। विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, आने वाले दिनों में तापमान में धीरे-धीरे गिरावट आने और ठंड बढ़ने की संभावना है।
पिछले 24 घंटे में तापमान में बदलाव
पिछले 24 घंटों के दौरान दिल्ली में न्यूनतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई, जबकि अधिकतम तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। इस दौरान अलग-अलग इलाकों में न्यूनतम तापमान 19 से 23 डिग्री और अधिकतम तापमान 27 से 29 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा।
दिल्ली में 15 से 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से पश्चिम-उत्तर-पश्चिमी हवाएं चलीं। पालम में सोमवार शाम 4 बजे हवा की गति 33 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच गई। पिछले 24 घंटों में अधिकतम नमी 93 प्रतिशत और न्यूनतम नमी 73 प्रतिशत दर्ज की गई।
 

Share this story

Tags