Delhi Weather: कोहरे की चादर में लिपटा NCR, आज 2-3 डिग्री बढ़ सकता है तापमान
दिल्ली-NCR में नवंबर के आखिरी दिनों के साथ ठंड का असर बढ़ने लगा है। शनिवार सुबह राजधानी और आसपास के इलाकों में कोहरा और धुंध देखने को मिली। सुबह के समय कई जगहों पर दृश्यता प्रभावित रही। मौसम विभाग के अनुसार, आज दिल्ली में न्यूनतम तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। हालांकि, इसके बाद तापमान में फिर गिरावट आने की संभावना है।
भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक, 21 नवंबर को दिल्ली में न्यूनतम तापमान करीब 13 से 15 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 25 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। सुबह के वक्त ज्यादातर इलाकों में हल्का कोहरा, जबकि कुछ स्थानों पर मध्यम कोहरा छाए रहने की संभावना है। दिन बढ़ने के साथ मौसम में सुधार हो सकता है।
तापमान में उतार-चढ़ाव जारी रहेगा
मौसम विभाग के अनुसार, राजधानी में अगले कुछ दिनों तक तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है। 21 नवंबर को न्यूनतम तापमान बढ़कर 13-15 डिग्री तक पहुंच सकता है, जबकि 22 नवंबर को यह 12-14 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है। इसके बाद भी सुबह के समय हल्का कोहरा बने रहने की संभावना है।
प्रदूषण भी बढ़ा सकता है परेशानी
ठंड और कोहरे के साथ दिल्ली की हवा भी चिंता का कारण बनी हुई है। शुक्रवार को दिल्ली का 24 घंटे का औसत AQI 270 दर्ज किया गया, जो ‘खराब’ श्रेणी में आता है। ऐसे में सुबह के समय कोहरे और प्रदूषण की वजह से सांस लेने में परेशानी तथा विजिबिलिटी कम होने जैसी दिक्कतें बढ़ सकती हैं।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान को देखते हुए सुबह जल्दी घर से निकलने वाले लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है। खासकर वाहन चालकों को कोहरे के दौरान धीमी गति से गाड़ी चलाने और पर्याप्त दूरी बनाए रखने की सलाह दी जाती है। आने वाले दिनों में तापमान में फिर गिरावट होने से ठंड का असर और बढ़ सकता है।

