Samachar Nama
×

Delhi Weather: 23 सितंबर को मानसून की विदाई, अब बढ़ेगी गर्मी; 28 सितंबर को बूंदाबांदी के आसार
 

Delhi Weather: 23 सितंबर को मानसून की विदाई, अब बढ़ेगी गर्मी; 28 सितंबर को बूंदाबांदी के आसार

दिल्ली में इस साल मानसून तय समय से पहले विदा हो गया है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 23 सितंबर को राजधानी से मानसून की वापसी की आधिकारिक घोषणा की। इस साल मानसून 2 जुलाई को दिल्ली पहुंचा था और इसकी सामान्य वापसी की तारीख 25 सितंबर मानी गई थी।

IMD के मुताबिक, 23 सितंबर को दिल्ली का अधिकतम तापमान 36.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.7 डिग्री अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 25.2 डिग्री सेल्सियस रहा। रात के दौरान तापमान करीब 24.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।

अगले कुछ दिन मौसम रहेगा शुष्क
मौसम विभाग के अनुसार, 24 सितंबर को दिल्ली में आसमान साफ रहने की संभावना है। दिन में तेज धूप के कारण गर्मी महसूस हो सकती है, जबकि रात के तापमान में कुछ राहत रह सकती है।
27 सितंबर तक मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने का अनुमान है। वहीं 28 सितंबर को राजधानी के कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी हो सकती है।
गुरुवार को अधिकतम तापमान 34 से 36 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। दिन में दक्षिण-पूर्व दिशा से 5 से 10 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
24 घंटे में तापमान में बड़ा बदलाव नहीं
पिछले 24 घंटों के दौरान दिल्ली के तापमान में कोई बड़ा बदलाव दर्ज नहीं किया गया। इस दौरान न्यूनतम तापमान 24 से 25 डिग्री और अधिकतम तापमान 34 से 36 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा।
इस अवधि में उत्तर-पूर्व दिशा से करीब 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं। अधिकतम नमी 80 प्रतिशत और न्यूनतम नमी 58 प्रतिशत दर्ज की गई।
रिज में सबसे ज्यादा बारिश
मानसून सीजन के दौरान दिल्ली के बेस स्टेशन सफदरजंग में कुल 728 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई, जो सामान्य से करीब 17 प्रतिशत अधिक है।

वहीं रिज में 777 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जो दिल्ली के प्रमुख मौसम केंद्रों में सबसे अधिक रही। इसके अलावा अयानगर में 736 मिलीमीटर, पालम में 729 मिलीमीटर और लोधी रोड में 723 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।

दिल्ली की हवा में भी बदलाव
मानसून की विदाई के साथ राजधानी में हवा की गुणवत्ता पर भी नजर बनी हुई है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों के अनुसार, 24 घंटे का औसत AQI 158 रहा, जो 'मध्यम' श्रेणी में आता है।
हाल के दिनों में AQI में बढ़ोतरी देखी गई है। 19 सितंबर को यह 118 था, जो 20 सितंबर को 160, 21 सितंबर को 169 और 22 सितंबर को 178 तक पहुंच गया था।
 

Share this story

Tags