Delhi Weather: बादल और ठंडी हवाओं से राहत के बाद अब बढ़ेगी गर्मी, 34 डिग्री तक पहुंच सकता है तापमान
दिल्ली-एनसीआर में पिछले कुछ दिनों से बने ठंडे और सुहावने मौसम के बाद अब तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होने लगी है। मौसम विभाग के मुताबिक, राजधानी में बादल और तेज हवाओं का असर कम होने के साथ मौसम शुष्क होने की संभावना है। दिन के समय धूप निकलने से गर्मी फिर बढ़ सकती है।
मंगलवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान 32.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सोमवार के 28.7 डिग्री के मुकाबले 3.7 डिग्री अधिक रहा। हालांकि, यह सामान्य से 2.3 डिग्री कम था। वहीं, न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 2.3 डिग्री कम है।
आज कैसा रहेगा दिल्ली का मौसम?
बुधवार, 30 सितंबर को दिल्ली में अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 20 से 22 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। इस दौरान उत्तर-पश्चिमी हवाएं करीब 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं।
मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बने गहरे दबाव और उत्तर-पश्चिमी उत्तर प्रदेश के आसपास बने पश्चिमी विक्षोभ के कारण पिछले दिनों राजधानी में बादल और तेज हवाओं का असर देखने को मिला था। अब इन मौसमी प्रणालियों का प्रभाव कम होने से दिल्ली में मौसम साफ और शुष्क होने की संभावना है।
5 अक्टूबर तक शुष्क रहेगा मौसम
IMD के पूर्वानुमान के मुताबिक, दिल्ली में 5 अक्टूबर तक मौसम मुख्य रूप से शुष्क रह सकता है। दिन में धूप निकलने से तापमान बढ़ेगा, जबकि रात के समय तापमान में धीरे-धीरे गिरावट आने की संभावना है। इससे रात और सुबह के समय हल्की ठंडक महसूस हो सकती है।
पिछले 24 घंटे में तापमान में बदलाव
पिछले 24 घंटों में दिल्ली के कुछ इलाकों में बहुत हल्की से हल्की बारिश हुई। इस दौरान न्यूनतम तापमान में करीब 1 से 2 डिग्री की गिरावट, जबकि अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई। राजधानी में इस दौरान अधिकतम तापमान 30 से 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 17 से 21 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा।
दिल्ली में पश्चिम-उत्तर-पश्चिमी हवाएं 15 से 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलीं। पालम में मंगलवार शाम 4 बजे हवा की गति 33 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच गई थी।

