दिल्ली यूनिवर्सिटी में टीचिंग फैकल्टी के 91 पदों पर भर्ती शुरू, 6 अप्रैल तक आवेदन का मौका
नई दिल्ली, 30 मार्च (आईएएनएल)। देश के प्रमुख केंद्रीय विश्वविद्यालय में टीचिंग फैकल्टी के पद पर नौकरी करने की इच्छा रखने वालों के लिए एक सुनहरा मौका सामने आया है। दिल्ली यूनिवर्सिटी (डीयू) ने प्रोफेसर समेत विभिन्न 91 पदों पर भर्ती के लिए आधिकारिक अधिसूचना जारी की है।
दिल्ली विश्वविद्यालय की ओर से जारी पदों के लिए ऑनलाइन मोड में आवेदन प्रक्रिया 17 मार्च से शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 6 अप्रैल निर्धारित की गई है। ऐसे में जो योग्य और इच्छुक उम्मीदवार एप्लीकेशन फॉर्म भरने की सोच रहे हैं, वे आधिकारिक वेबसाइट पर जाने के बाद तय समय सीमा के भीतर अपना रजिस्ट्रेशन फॉर्म जमा कर सकते हैं।
डीयू ने जिन 91 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन मांगे हैं, उनमें असिस्टेंट प्रोफेसर के 16, एसोसिएट प्रोफेसर और प्रोफेसर के 13, प्रोफेसर के 27 और एसोसिएट प्रोफेसर के 35 पद शामिल हैं।
आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास मान्यता प्राप्त संस्थान या यूनिवर्सिटी से संबंधित पद और यूजीसी के नियमों के अनुसार, असिस्टेंट प्रोफेसर के लिए मास्टर डिग्री के साथ नेट/पीएचडी की डिग्री; एसोसिएट प्रोफेसर और प्रोफेसर के लिए पीएचडी की डिग्री और तय सालों का अनुभव होना आवश्यक है। इसी के साथ कैंडिडेट्स के पास अन्य निर्धारित पात्रता का होना भी अनिवार्य है।
एप्लीकेशन फॉर्म भरने वाले अभ्यर्थियों को अपने वर्ग अनुसार निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन मोड में करना होगा, जो जनरल के लिए 2,000 रुपए, ओबीसी/ईडब्ल्यूएस और महिला उम्मीदवारों के लिए 1,500 रुपए, एससी/एसटी के लिए 1,000 रुपए और पीडब्ल्यूबीडी उम्मीदवारों के लिए 500 रुपए तय किया गया है। कैंडिडेट्स ध्यान दें, आवेदन शुल्क के भुगतान के बाद ही आपके रजिस्ट्रेशन फॉर्म को स्वीकार किया जाएगा।
योग्य अभ्यर्थियों का चयन स्क्रीनिंग, सेमिनार/प्रस्तुति, इंटरव्यू और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी पद अनुसार 57,700 से 2,18,200 रुपए के बीच प्रति महीने होगी।
ऑनलाइन आवेदन करने के लिए, उम्मीदवार सबसे पहले दिल्ली विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। होमपेज पर जाने के बाद, संबंधित पद से सक्रिय आवेदन लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद, रजिस्ट्रेशन कर लॉगिन करें। फिर, फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियों को दर्ज करें। मांगे गए सभी डॉक्यूमेंट्स को सही साइज और फॉन्ट में अपलोड करें। इसके बाद, एप्लीकेशन फीस का भुगतान कर, फॉर्म को सबमिट कर दें। लास्ट में, एप्लीकेशन का प्रिंट आउट भविष्य के लिए निकाल लें।
--आईएएनएस
डीके/एबीएम

