Samachar Nama
×

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस का विशेष अभियान, 1,432 नागरिक ट्रैफिक प्रहरी ऐप से जुड़े

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस का विशेष अभियान, 1,432 नागरिक ट्रैफिक प्रहरी ऐप से जुड़े
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस का विशेष अभियान, 1,432 नागरिक ट्रैफिक प्रहरी ऐप से जुड़े

नई दिल्ली, 12 नवंबर (आईएएनएस)। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने यातायात नियमों के पालन को बढ़ावा देने और पर्यावरण संबंधी नियमों के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से विशेष अभियान चलाया। इस दौरान ट्रैफिक प्रहरी ऐप के प्रचार-प्रसार के साथ-साथ दिल्ली सरकार के विंटर एक्शन प्लान और ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान (ग्रैप) के तहत लागू प्रतिबंधों की जानकारी भी नागरिकों को दी गई।

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के जोन-1 के अंतर्गत आने वाली तीनों रेंजों में आयोजित इस विशेष अभियान के दौरान पुलिसकर्मियों ने यात्रियों और आम नागरिकों से संवाद कर उन्हें ट्रैफिक प्रहरी ऐप पर पंजीकरण करने के लिए प्रेरित किया।

अभियान के दौरान लोगों को बताया गया कि वे ऐप के माध्यम से गलत दिशा में वाहन चलाने, रेड लाइट जंप करने, खतरनाक ड्राइविंग, ट्रिपल राइडिंग, बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने और गलत पार्किंग जैसी यातायात उल्लंघन की घटनाओं की फोटो या वीडियो अपलोड कर रिपोर्ट कर सकते हैं।

इस विशेष अभियान के दौरान कुल 1,432 नागरिकों का ट्रैफिक प्रहरी ऐप पर पंजीकरण कराया गया, जिससे यातायात नियमों के उल्लंघन की रिपोर्टिंग में आम जनता की भागीदारी और मजबूत होगी।

पुलिस ने लोगों को यह भी बताया कि दिल्ली सरकार की विंटर एक्शन प्लान के तहत 1 नवंबर 2026 से 31 जनवरी 2027 तक दिल्ली के बाहर पंजीकृत गैर-बीएस-6 वाहनों के प्रवेश और संचालन पर निर्धारित प्रतिबंध लागू हैं। साथ ही, वर्तमान में लागू ग्रैप प्रतिबंधों की जानकारी देते हुए नागरिकों से उल्लंघनों की रिपोर्ट ट्रैफिक प्रहरी ऐप के माध्यम से करने की अपील की गई।

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने कहा कि सड़क सुरक्षा, सुगम यातायात और स्वच्छ पर्यावरण सुनिश्चित करने में जागरूक नागरिकों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। एक अनुशासित यात्री, सतर्क नागरिक और जिम्मेदार सड़क उपयोगकर्ता मिलकर दिल्ली की सड़कों को अधिक सुरक्षित और यातायात को अधिक व्यवस्थित बना सकते हैं।

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने स्पष्ट किया कि राष्ट्रीय राजधानी में सुरक्षित सड़कें, बेहतर यातायात व्यवस्था और स्वच्छ वायु सुनिश्चित करने के लिए नियमों का सख्ती से पालन कराने और जनसहभागिता बढ़ाने के प्रयास आगे भी जारी रहेंगे।

--आईएएनएस

एएमटी/एबीएम

Share this story

Tags