Samachar Nama
×

दिल्ली: राहुल गांधी ने इंडिया ब्लॉक के मार्च में शामिल होने वाले लोगों को धन्यवाद दिया

दिल्ली: राहुल गांधी ने इंडिया ब्लॉक के मार्च में शामिल होने वाले लोगों को धन्यवाद दिया
दिल्ली: राहुल गांधी ने इंडिया ब्लॉक के मार्च में शामिल होने वाले लोगों को धन्यवाद दिया

नई दिल्ली, 12 अक्टूबर (आईएएनएस)। कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी ने सोमवार को उन सभी लोगों का धन्यवाद किया है, जो मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के विरोध में निकाले गए इंडिया ब्लॉक के मार्च में शामिल हुए।

राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि आज के इस विरोध प्रदर्शन में शामिल होने वाले हर एक व्यक्ति का मैं दिल से धन्यवाद करना चाहता हूं। उन करोड़ों लोगों का भी धन्यवाद, जिन्होंने दोपहर 3 बजे अपने-अपने तरीके से इस आंदोलन को समर्थन दिया। इंडिया गठबंधन के नेताओं, कांग्रेस पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं और इंडिया गठबंधन के तमाम कार्यकर्ताओं का भी बहुत-बहुत धन्यवाद।

नेता विपक्ष ने कहा कि आज का दिन बेहद महत्वपूर्ण था, क्योंकि हमें सरकार को यह दिखाना था कि भारत की जनता डरने वाली नहीं है। आप हमें मारिए, धमकाइए, डराने की कोशिश कीजिए, लेकिन हम डरने वाले नहीं हैं। हम आपकी गुंडागर्दी बर्दाश्त नहीं करेंगे। मैं सोच रहा था कि आरएसएस के वो लोग कहां थे, जो परसों हमारे युवा साथियों को पीट रहे थे? कहां थे वो लोग? आज तो मुझे उनमें से कोई दिखाई नहीं दिया।

उन्होंने कहा कि जब हम वहां खड़े हैं, जब देश की जनता वहां खड़ी है, तो तुम बाहर क्यों नहीं आते? अपनी छोटी-छोटी गमछियां पहनकर क्यों नहीं बाहर आते हो और देखते हो कि क्या होता है? तुममें सामने आकर खड़े होने की हिम्मत नहीं है। तुम सिर्फ सत्ता और ताकत के दम पर लड़ सकते हो। इसलिए आज जो कुछ हुआ, उसे देखकर बहुत खुशी होती है। मुझे आप सभी पर गर्व है। सबने एक टीम की तरह काम किया।

कांग्रेस सांसद ने कहा कि जैसा कि मैंने अपनी प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा था, ये अलग-अलग प्रदर्शन नहीं हैं। यह एक ही आंदोलन है, जिसमें हम सब एक साथ खड़े हैं। हममें से हर एक व्यक्ति संविधान के इन हत्यारों, हमारे लोकतंत्र को कुचलने वालों के खिलाफ खड़ा होगा। और हम एक कदम भी पीछे नहीं हटेंगे।

उन्होंने कहा कि मैं उन सभी सिविल सोसाइटी संगठनों का भी दिल से धन्यवाद करना चाहता हूं जो आज हमारे साथ आए और जिन्होंने हमारा समर्थन किया। आपके समर्थन की हम कद्र करते हैं। हम आप सभी से मोहब्बत करते हैं। भारत की सोच, हमारे संविधान के विचार और हमारे लोकतंत्र की रक्षा के लिए आज सड़कों पर उतरने वाले हर व्यक्ति का धन्यवाद। मुझे उन सभी लोगों पर बेहद गर्व है जो आज सड़कों पर उतरे। बहुत-बहुत धन्यवाद!

--आईएएनएस

एमएस/

Share this story