दिल्ली पुलिस ने फर्जी वेबसाइट चलाने वाले साइबर ठग गिरोह का किया भंडाफोड़, 3 गिरफ्तार
नई दिल्ली, 11 जून (आईएएनएस)। दिल्ली पुलिस की साउथ डिस्ट्रिक्ट साइबर पुलिस स्टेशन ने एक संगठित अंतरराज्यीय साइबर ठगी गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह गिरोह फर्जी ऑनलाइन हेलीकॉप्टर और ट्रैवल बुकिंग वेबसाइटों के जरिए देशभर में लोगों से ठगी कर रहा था।
मामले की शुरुआत उस शिकायत से हुई जिसमें पीड़ित से 20,328 रुपए की ठगी की गई थी। आरोपियों ने फर्जी वेबसाइटें बनाकर उन्हें सरकारी या अधिकृत ट्रैवल पोर्टल जैसा दिखाया और लोगों को यात्रा बुकिंग का झांसा देकर पैसे ऐंठे। इस आधार पर साइबर थाना, साउथ जिला में केस दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने बैंक ट्रांजैक्शन, डिजिटल पेमेंट चैनल, डोमेन रजिस्ट्रेशन रिकॉर्ड, ईमेल अकाउंट, आईपी लॉग और होस्टिंग सर्विस से प्राप्त तकनीकी डेटा का विश्लेषण किया। तकनीकी जांच और सर्विलांस के जरिए पुलिस ने बिहार के नालंदा से ओमप्रकाश कुमार और रोहित कुमार को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में सामने आया कि इस गिरोह का एक और प्रमुख सदस्य श्रेयांश तिवारी उर्फ शिवम है, जो फर्जी वेबसाइटों को विकसित और संचालित करता था, जिसे बाद में ग्रेटर नोएडा, उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार किया गया। जांच में यह भी पता चला कि आरोपी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पेड विज्ञापन चलाकर लोगों को इन फर्जी वेबसाइटों तक पहुंचाते थे और बुकिंग के नाम पर पैसे वसूलते थे, जिसके बाद रिफंड या अतिरिक्त शुल्क के नाम पर और रकम ली जाती थी।
पुलिस के अनुसार, यह पूरा नेटवर्क म्यूल बैंक खातों और डिजिटल माध्यमों के जरिए पैसे को आगे ट्रांसफर करता था। इस गिरोह से जुड़ी लगभग 30 शिकायतों का पता चला है, जिनमें करीब 10 लाख रुपए की साइबर ठगी शामिल है।
पुलिस ने आरोपियों के पास से 8 मोबाइल फोन, 2 लैपटॉप, 1 आईपैड, कई एटीएम/डेबिट कार्ड और महत्वपूर्ण डिजिटल साक्ष्य बरामद किए हैं, साथ ही 20,328 रुपए की राशि बैंक खाते में फ्रीज कर दी गई है। दिल्ली पुलिस ने बताया कि यह कार्रवाई एक बड़े अंतरराज्यीय साइबर फ्रॉड नेटवर्क का खुलासा करती है और मामले की आगे की जांच जारी है।
--आईएएनएस
एएमटी/एएस

