दिल्ली पुलिस ने चोरी के पांच मामलों का किया खुलासा, पांच आरोपी गिरफ्तार; 290 बैग और दो मोबाइल बरामद
नई दिल्ली, 14 नवंबर (आईएएनएस)। नई दिल्ली के नॉर्थ डिस्ट्रिक्ट पुलिस ने कार्रवाई करते हुए छीना-झपटी और चोरी के पांच मामलों का खुलासा किया है। पुलिस ने इन मामलों में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से छीने गए दो मोबाइल फोन, चोरी किए गए 290 बैकपैक, दो मोटरसाइकिल और वारदात में इस्तेमाल की गई स्कूटी बरामद की गई है। पुलिस ने तिमारपुर, रूप नगर और कश्मीरी गेट थाना क्षेत्रों में हुई वारदातों को सुलझाने में सफलता हासिल की है। सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी निगरानी और गुप्त सूचनाओं के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई।
जानकारी के अनुसार तिमारपुर थाना क्षेत्र में 12 नवंबर को गांधी विहार के ई-ब्लॉक में यूपीएससी की तैयारी कर रहे 26 वर्षीय सुधांशु तिवारी का मोबाइल फोन मोटरसाइकिल सवार दो बदमाश छीनकर फरार हो गए थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों की मोटरसाइकिल की पहचान की गई।
इस दौरान सादे कपड़ों में गश्त कर रहे हेड कांस्टेबल पवन ने आउटर रिंग रोड पर संदिग्धों को देखा। उन्होंने अपनी लाइव लोकेशन टीम के साथ साझा करते हुए उनका पीछा किया। इसके बाद पुलिस टीम ने गांधी विहार के गंदा नाला के पास दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनकी पहचान अमनदीप (32) और चंद्रहास त्रिवेदी (28) के रूप में हुई है। दोनों आदतन अपराधी हैं। अमनदीप पर 22 और चंद्रहास पर 20 आपराधिक मामले दर्ज हैं। अमनदीप भलस्वा डेयरी थाने का सूचीबद्ध अपराधी भी है।
वहीं, रूप नगर थाना क्षेत्र में 10 नवंबर को न्यू चंद्रावल स्थित बैकपैक बनाने की फैक्ट्री से 290 बैग चोरी हो गए थे। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी जांच के आधार पर फैक्ट्री के पूर्व कर्मचारी दिनेश कुमार (32) को गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर चोरी किए गए सभी 290 बैग और वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल बरामद कर ली गई।
कश्मीरी गेट थाना क्षेत्र में 11 सितंबर को मेट्रो गेट नंबर-6 के पास एक युवक का मोबाइल फोन छीन लिया गया था। करीब दो महीने की जांच के बाद पुलिस ने ऋतिक (26) और शिवम (25) को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल स्कूटी भी बरामद की गई। आरोपियों से पूछताछ और बरामदगी के आधार पर पांच मामलों का खुलासा हुआ है। मामले में आगे की जांच जारी है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आगे भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी, जो आरोपी पकड़े गए है उनसे पूछताछ की जा रही है, जल्द ही नए मामलों का खुलासा हो सकता है।
--आईएएनएस
एसएके/पीएम

