Samachar Nama
×

दिल्ली पुलिस की बड़ी सफलता: वाहन चोरी और सेंधमारी के दो सगे भाई गिरफ्तार, चोरी का बड़ा खजाना बरामद

नई दिल्ली, 22 मई (आईएएनएस)। दिल्ली पुलिस दक्षिण जिले ने वाहन चोरी और सेंधमारी के मामलों में एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। सी.आर. पार्क पुलिस स्टेशन के सतर्क पिकेट स्टाफ ने अलकनंदा मार्केट के पास नियमित वाहन चेकिंग के दौरान दो सगे भाइयों को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपी वाहन चोरी और कई सेंधमारी की घटनाओं में शामिल थे।

पुलिस टीम को देखते ही दोनों आरोपियों ने एक मोटरसाइकिल पर भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उनका पीछा किया और उन्हें पकड़ लिया। बरामद मोटरसाइकिल वसंत कुंज नॉर्थ से चोरी हुई थी, जिसकी ई-एफआईआर पहले से दर्ज थी।

आरोपियों की पहचान दीपक उर्फ सेठी (31 वर्ष) और टिंकू उर्फ भोला (29 वर्ष) पुत्र राजेंदर, निवासी आया नगर, दक्षिण दिल्ली के रूप में हुई है। दोनों सगे भाई हैं। पूछताछ में दोनों ने बताया कि बुरी संगत के कारण नशे की लत लगने के बाद उन्होंने चोरी और सेंधमारी शुरू कर दी थी। वे चोरी की मोटरसाइकिल से इलाके की रेकी करते थे और खाली पड़े घरों को निशाना बनाते थे।

आरोपी मुख्य रूप से उन घरों को टारगेट करते थे जो लंबे समय से बंद पड़े थे। रात के समय वे छत, बालकनी या पीछे के रास्ते से घरों में सेंध लगाते थे। चोरी का सामान घर पर छिपाकर बाद में बाजार में बेच देते थे।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से भारी मात्रा में चोरी का सामान बरामद किया है, जिसमें 11 मोबाइल फोन, 7 कलाई घड़ियां, 2 सोने की चेन, लगभग 750 ग्राम सोने-चांदी के आभूषण, 99,000 रुपए नकद, एक चांदी की मूर्ति, एक बटनदार चाकू और एक चोरी की मोटरसाइकिल शामिल हैं।

इस गिरफ्तारी से कुल 5 मामले सुलझाए गए हैं, जिनमें फतेहपुर बेरी थाने के 3 सेंधमारी के मामले, वसंत कुंज का 1 वाहन चोरी का मामला और सी.आर. पार्क का आर्म्स एक्ट का 1 मामला शामिल है।

दक्षिण जिला पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों पर पहले कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं था। पुलिस का कहना है कि यह कार्रवाई सड़क अपराध और संपत्ति संबंधी अपराधों पर सख्ती से नकेल कसने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

दक्षिण जिला पुलिस कमिश्नर ने टीम की सराहना करते हुए कहा कि अपराध के प्रति ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति के तहत ऐसे अभियान लगातार चलाए जाएंगे।

--आईएएनएस

एससीएच

Share this story

Tags