Samachar Nama
×

दिल्ली पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अवैध हथियार फैक्ट्री का भंडाफोड़

नई दिल्ली, 25 अप्रैल (आईएएनएस)। राजधानी में अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत दिल्ली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वजीराबाद थाना पुलिस ने एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए अवैध हथियार बनाने वाली फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि मुख्य सरगना अभी फरार है।

नार्थ जिले के डीसीपी राजा बांठिया ने बताया 21 अप्रैल की शाम को वजीराबाद क्षेत्र में गश्त के दौरान पुलिसकर्मियों को सूचना मिली कि एक व्यक्ति अवैध हथियार लेकर घूम रहा है। सूचना के आधार पर तुरंत कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने मोरादाबाद निवासी 49 वर्षीय मोहम्मद अयूब को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी में उसके पास से दो देसी कट्टे और 10 जिंदा कारतूस बरामद हुए।

पूछताछ में अयूब ने खुलासा किया कि उसने ये हथियार मोरादाबाद के सोनू नामक व्यक्ति से खरीदे थे। इसके बाद पुलिस ने एक विशेष टीम गठित कर तकनीकी निगरानी के जरिए आरोपी सोनू के नेटवर्क का पता लगाया।

22 अप्रैल को पुलिस टीम मोरादाबाद पहुंची और एक स्थान पर छापा मारकर अवैध हथियार निर्माण फैक्ट्री का खुलासा किया। मौके से दो अन्य आरोपियों—60 वर्षीय इदरीश और 40 वर्षीय शादाब को गिरफ्तार किया गया। फैक्ट्री से भारी मात्रा में हथियार, अधूरे पुर्जे और निर्माण में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए गए।

जांच में सामने आया कि यह फैक्ट्री पिछले एक साल से संचालित हो रही थी और यहां बड़े पैमाने पर देसी कट्टों का निर्माण किया जाता था। आरोपी इदरीश इस काम में विशेषज्ञ था, जबकि शादाब उसकी मदद करता था। दोनों को प्रति हथियार के हिसाब से भुगतान किया जाता था।

पुलिस को मौके से तीन तैयार पिस्तौल, 12 जिंदा कारतूस, 14 लंबी बैरल, अधूरी बॉडी, भट्टी, उपकरण और अन्य सामान बरामद हुआ है, जिससे करीब 50 से 60 देसी कट्टे बनाए जा सकते थे।

पुलिस अब फरार मुख्य आरोपी सोनू की तलाश में जुटी है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा रही है। अधिकारियों का मानना है कि यह गिरोह बड़े स्तर पर अवैध हथियारों की सप्लाई कर रहा था। दिल्ली पुलिस की इस कार्रवाई को अवैध हथियारों के खिलाफ एक बड़ी सफलता माना जा रहा है।

--आईएएनएस

एमएस/

Share this story

Tags