Samachar Nama
×

दिल्ली पुलिस के ACP मनस्वी वशिष्ठ सस्पेंड, पुलिस मुख्यालय के बाहर प्रदर्शन का नेतृत्व करने पर कार्रवाई

दिल्ली पुलिस के ACP मनस्वी वशिष्ठ सस्पेंड, पुलिस मुख्यालय के बाहर प्रदर्शन का नेतृत्व करने पर कार्रवाई

दिल्ली पुलिस के असिस्टेंट कमिश्नर ऑफ पुलिस (ACP) मनस्वी वशिष्ठ को सस्पेंड कर दिया गया है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, यह कार्रवाई सोमवार को दिल्ली पुलिस मुख्यालय के बाहर हुए प्रदर्शन के बाद की गई है। इस प्रदर्शन में करीब 150 पुलिसकर्मी शामिल हुए थे। उनकी मांग थी कि ACP मनस्वी वशिष्ठ और थाना प्रभारी इंस्पेक्टर अरुण कुमार के ट्रांसफर का आदेश रद्द किया जाए और दोनों को उनकी पुरानी पोस्टिंग पर वापस भेजा जाए। बताया जा रहा है कि इस प्रदर्शन की अगुवाई खुद ACP मनस्वी वशिष्ठ ने की थी।

वकील से मारपीट के मामले में हुआ था ट्रांसफर

ACP मनस्वी वशिष्ठ गांधी नगर सब-डिवीजन में तैनात थे, जबकि इंस्पेक्टर अरुण कुमार शाहदरा थाने के प्रभारी थे। 23 अक्टूबर को शाहदरा थाने में वकील ललित बंसल के साथ हुई झड़प के बाद दोनों अधिकारियों का ट्रांसफर कर दिया गया था। इस घटना में वकील के सिर पर गंभीर चोट आई थी।

इसके बाद जिला अदालत के वकीलों ने दोनों पुलिस अधिकारियों पर धमकी देने और दुर्व्यवहार करने के आरोप लगाए थे। उन्होंने ACP मनस्वी वशिष्ठ और थाना प्रभारी अरुण कुमार के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी थी। हालांकि, दोनों अधिकारियों के ट्रांसफर के आदेश के बाद 28 अक्टूबर को वकीलों ने अपनी हड़ताल समाप्त कर दी थी।

व्हाट्सऐप ग्रुप में मैसेज भेजकर जुटाए गए पुलिसकर्मी

दोनों अधिकारियों के ट्रांसफर से नाराज पुलिसकर्मियों ने सोमवार को प्रदर्शन करने की योजना बनाई थी। इसके लिए दिल्ली पुलिस के अलग-अलग व्हाट्सऐप ग्रुपों में संदेश भेजे गए थे। पुलिसकर्मियों से मुख्यालय पहुंचकर ACP मनस्वी वशिष्ठ और इंस्पेक्टर अरुण कुमार की पुरानी पोस्टिंग बहाल करने की मांग उठाने की अपील की गई थी।

प्रदर्शन की जानकारी मिलने के बाद जिला DCP और अलग-अलग यूनिट के प्रमुखों को अपने अधीन काम करने वाले पुलिसकर्मियों को मुख्यालय पहुंचने से रोकने के निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद सोमवार सुबह करीब 150 पुलिसकर्मी दिल्ली पुलिस मुख्यालय के बाहर इकट्ठा हो गए।

मौके पर पहुंचे नई दिल्ली के DCP सचिन शर्मा ने ACP मनस्वी वशिष्ठ और अन्य पुलिसकर्मियों को समझाने की कोशिश की। उन्होंने प्रदर्शन समाप्त कर मुख्यालय के अंदर जाने को कहा, लेकिन प्रदर्शनकारी अपनी मांगों पर अड़े रहे। बाद में पुलिसकर्मियों ने पुलिस कमिश्नर अनुराग कुमार से मुलाकात भी की।

ACP के बयान पर हाईकोर्ट ने क्या कहा?

इस बीच, दिल्ली हाईकोर्ट ने मंगलवार को ACP मनस्वी वशिष्ठ के वकीलों के खिलाफ कथित धमकी भरे बयानों के मामले में स्वत: संज्ञान लेने से इनकार कर दिया। कई वकीलों ने एक्टिंग चीफ जस्टिस नितिन वासुदेव सांब्रे और जस्टिस संजय शर्मा की बेंच के सामने यह मुद्दा उठाया था।

वकीलों का आरोप था कि ACP मनस्वी वशिष्ठ ने उनके लिए 'AK-47' और 'काले कोट के गुंडे' जैसे आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया था। इस पर हाईकोर्ट ने कहा कि पहले इस मामले में औपचारिक याचिका दाखिल की जाए। कोर्ट ने स्पष्ट किया कि याचिका मिलने के बाद ही इस मामले पर सुनवाई की जाएगी।

Share this story

Tags