Delhi-NCR Weather Update: बारिश से बदला मौसम का मिजाज, आज भी भारी बारिश और आंधी का अलर्ट
दिल्ली-एनसीआर में मंगलवार को हुई बारिश के बाद मौसम ने करवट ले ली है। राजधानी के कई इलाकों में मध्यम से तेज बारिश हुई, जिससे उमस और गर्मी से परेशान लोगों को राहत मिली। अब 2 सितंबर, बुधवार को भी दिल्ली के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।
भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, आज दिल्ली में आसमान में बादल छाए रहेंगे। सुबह से दोपहर के बीच कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जबकि कुछ स्थानों पर मध्यम से भारी बारिश के साथ तेज हवाएं, गरज और आकाशीय बिजली देखने को मिल सकती है।
आज कैसा रहेगा दिल्ली का मौसम?
IMD के अनुसार, बुधवार को राजधानी में दिन की शुरुआत बादलों के साथ होगी। सुबह से दोपहर तक कई इलाकों में बारिश होने की संभावना है। कुछ जगहों पर बारिश तेज भी हो सकती है।
शाम के समय भी बहुत हल्की से हल्की बारिश का एक और दौर देखने को मिल सकता है। इस दौरान दिल्ली का न्यूनतम तापमान 23 से 25 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।
दिन के दौरान उत्तर-पश्चिम दिशा से हवाएं चल सकती हैं। इनकी रफ्तार करीब 15 से 20 किलोमीटर प्रति घंटा रहने की संभावना है।
भारी बारिश के बीच लोगों को सावधानी की सलाह
कुछ इलाकों में भारी बारिश और आंधी-बिजली की संभावना को देखते हुए मौसम विभाग ने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। बारिश के दौरान जलभराव वाले रास्तों से दूरी बनाए रखना बेहतर होगा।
खासकर आकाशीय बिजली और तेज हवाओं के दौरान खुले स्थानों में जाने से बचने की सलाह दी गई है।
मंगलवार को कैसा रहा मौसम?
मंगलवार, 1 सितंबर को दिल्ली के कई हिस्सों में मध्यम से तेज बारिश दर्ज की गई। बारिश के बावजूद राजधानी का न्यूनतम तापमान 27.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से करीब 1.3 डिग्री अधिक था।
वहीं अधिकतम तापमान करीब 36 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.5 डिग्री अधिक रहा। दिल्ली से सटे गाजियाबाद में अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस, जबकि नोएडा में 34.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
पिछले 24 घंटे में तापमान और नमी
पिछले 24 घंटों के दौरान दिल्ली के न्यूनतम तापमान में 24 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच और अधिकतम तापमान में 34 से 36 डिग्री सेल्सियस के बीच उतार-चढ़ाव दर्ज किया गया।
इस दौरान पश्चिमी हवाओं की गति करीब 15 से 20 किलोमीटर प्रति घंटा रही। राजधानी में अधिकतम नमी का स्तर 83 प्रतिशत, जबकि न्यूनतम नमी करीब 54 प्रतिशत दर्ज की गई।
उमस से राहत, लेकिन बारिश का दौर जारी
मंगलवार की बारिश ने दिल्ली-एनसीआर में पिछले दिनों से जारी उमस भरी गर्मी से लोगों को काफी राहत दी है। बुधवार को भी बारिश और बादलों की मौजूदगी के कारण तापमान में कमी रहने की उम्मीद है। हालांकि, कुछ इलाकों में भारी बारिश के कारण जलभराव और ट्रैफिक से जुड़ी परेशानियां सामने आ सकती हैं।

