Delhi-NCR Weather Update: दिल्ली-NCR में फिर बढ़ेगी गर्मी, 2 अक्टूबर तक बारिश के आसार नहीं
दिल्ली-NCR में बारिश का दौर थमने के बाद मौसम अब शुष्क और गर्म होने लगा है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, गुरुवार 1 अक्टूबर को राजधानी में आसमान साफ रहेगा और सुबह से धूप निकलने की संभावना है। बारिश नहीं होने के कारण तापमान में बढ़ोतरी के साथ दिल्ली की हवा की गुणवत्ता में भी गिरावट देखने को मिल रही है।
बुधवार को दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 129 दर्ज किया गया, जो 'मध्यम' श्रेणी में आता है। इसके साथ ही तापमान में भी इजाफा हुआ। 30 सितंबर को राजधानी का अधिकतम तापमान 34.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.5 डिग्री कम था। वहीं न्यूनतम तापमान 22.4 डिग्री सेल्सियस रहा।
आज साफ रहेगा आसमान
IMD के मुताबिक, 1 अक्टूबर को दिल्ली-NCR में मौसम शुष्क रहेगा। आसमान साफ रहने के साथ दिन में तेज धूप देखने को मिल सकती है। राजधानी में अधिकतम तापमान 33 से 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 21 से 23 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।
इस दौरान उत्तर-पश्चिम दिशा से 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। विभाग के अनुसार, 2 अक्टूबर तक दिल्ली में मौसम मुख्य रूप से शुष्क बना रह सकता है। हालांकि रात के तापमान में गिरावट के चलते हल्की ठंडक महसूस हो सकती है।
बारिश थमने के बाद बढ़ा तापमान
दिल्ली में बारिश का दौर खत्म होने के बाद पिछले 24 घंटों में तापमान में करीब 1 से 2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। इस दौरान न्यूनतम तापमान 19 से 22 डिग्री और अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा।
दिल्ली के कुछ इलाकों में न्यूनतम तापमान सामान्य से कम दर्ज किया गया, जबकि कई हिस्सों में यह सामान्य के आसपास रहा। राजधानी में उत्तर-पश्चिम दिशा से 20 से 25 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं। पालम में दिन के समय हवा की गति 37 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच गई।
बारिश के थमने के साथ दिल्ली-NCR में अब मौसम का मिजाज बदल रहा है। दिन में गर्मी बढ़ने के बावजूद रात के समय तापमान में कमी के कारण मौसम में हल्की ठंडक बनी रह सकती है।

