दिल्ली-एनसीआर में पिछले कई दिनों से जारी गर्मी और उमस के बीच शुक्रवार को मौसम करवट ले सकता है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 11 सितंबर को राजधानी के कई इलाकों में हल्की बारिश और गरज-चमक की संभावना जताई है। वहीं, 12 सितंबर को हल्की से मध्यम बारिश देखने को मिल सकती है। अगले कुछ दिनों तक बादल और बारिश का दौर जारी रहने की उम्मीद है।
सुबह से रात तक बारिश के आसार
मौसम विभाग के मुताबिक, शुक्रवार को दिल्ली का आसमान ज्यादातर बादलों से ढका रह सकता है। सुबह से दोपहर के बीच कुछ इलाकों में बहुत हल्की से हल्की बारिश के साथ तेज हवा, आंधी और बिजली चमकने की स्थिति बन सकती है। दोपहर के बाद से रात तक भी अलग-अलग स्थानों पर हल्की बारिश होने की संभावना है।
इस दौरान दिल्ली में न्यूनतम तापमान 25 से 27 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।
तेज हवाओं से कम होगी गर्मी और उमस
शुक्रवार सुबह उत्तर-पश्चिम दिशा से हवाएं चलने की संभावना है। इनकी रफ्तार करीब 15 से 20 किलोमीटर प्रति घंटा रह सकती है। दिन बढ़ने के साथ हवा की दिशा में बदलाव देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले 24 घंटे में अधिकतम तापमान में बड़ा बदलाव नहीं होगा, लेकिन इसके बाद तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है।
गुरुवार को तेज धूप ने बढ़ाई गर्मी
इससे पहले गुरुवार को दिल्ली-एनसीआर में मौसम आंशिक रूप से बादलों वाला रहा, लेकिन दिन के अधिकांश समय तेज धूप देखने को मिली। राजधानी में न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब 1.6 डिग्री अधिक था। वहीं, अधिकतम तापमान 36.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 3.1 डिग्री अधिक दर्ज किया गया।
पिछले 24 घंटे में ऐसा रहा मौसम
पिछले 24 घंटों के दौरान दिल्ली में तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं हुआ। न्यूनतम तापमान अलग-अलग स्थानों पर 23 से 27 डिग्री सेल्सियस, जबकि अधिकतम तापमान 35 से 37 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया।
कुछ इलाकों में न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.6 से 3 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा, जबकि अन्य क्षेत्रों में यह सामान्य के आसपास दर्ज किया गया। इस दौरान राजधानी में पश्चिमी हवाओं की गति करीब 15 से 20 किलोमीटर प्रति घंटा रही। पालम में दिन के समय हवा की रफ्तार 37 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच गई थी।
12 सितंबर को बढ़ सकती है बारिश
IMD के पूर्वानुमान के अनुसार, 12 सितंबर को दिल्ली-एनसीआर में बारिश की गतिविधियां और बढ़ सकती हैं। इस दिन कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। ऐसे में राजधानी के लोगों को आने वाले दिनों में गर्मी और उमस से राहत मिलने की उम्मीद है।

