Delhi-NCR Weather: सुबह तेज हवाओं और बूंदाबांदी ने बदला मौसम, आज बारिश के आसार; तापमान में आएगी गिरावट
दिल्ली-एनसीआर में गुरुवार सुबह तेज हवाओं के साथ हुई बूंदाबांदी से मौसम का मिजाज बदल गया। करीब 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली धूल भरी हवाओं ने पिछले कुछ दिनों से जारी उमस और गर्मी से लोगों को राहत दी। सुबह के समय मौसम में बदलाव के चलते तापमान में भी कुछ गिरावट दर्ज की गई।
भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, आज दिल्ली में आसमान आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है। सुबह से दोपहर के बीच कुछ इलाकों में बहुत हल्की से हल्की बारिश हो सकती है।
आज कैसा रहेगा दिल्ली का मौसम?
मौसम विभाग के मुताबिक, 17 सितंबर को दिल्ली में दिनभर आंशिक बादल छाए रह सकते हैं। कुछ स्थानों पर हल्की बारिश या बूंदाबांदी होने की संभावना है।
आज दिल्ली का अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है, जबकि न्यूनतम तापमान 23 से 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
दिन के दौरान पूर्वी दिशा से करीब 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। IMD के अनुसार अगले सात दिनों में दिल्ली के अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है।
बुधवार को गर्मी ने किया परेशान
इससे एक दिन पहले यानी बुधवार को दिल्ली में तेज धूप और गर्मी का असर देखने को मिला। राजधानी में अधिकतम तापमान 36.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब 3.8 डिग्री अधिक था। न्यूनतम तापमान 26.8 डिग्री सेल्सियस रहा।
एनसीआर के दूसरे शहरों में भी गर्मी का असर रहा। नोएडा में अधिकतम तापमान 35.5 डिग्री सेल्सियस, जबकि गाजियाबाद में 36.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
पिछले 24 घंटे में कैसा रहा मौसम?
पिछले 24 घंटों के दौरान दिल्ली के कुछ हिस्सों में न्यूनतम तापमान में खास बदलाव नहीं हुआ, जबकि अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। अलग-अलग इलाकों में न्यूनतम तापमान करीब 23 से 27 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 34 से 37 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा।
कुछ इलाकों में न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.6 से 3 डिग्री सेल्सियस तक अधिक दर्ज किया गया, जबकि कुछ स्थानों पर यह सामान्य के आसपास रहा। अधिकतम तापमान भी कई इलाकों में सामान्य से ऊपर रहा।
इस दौरान दिल्ली में दक्षिण-पूर्वी हवाएं चलीं, जिनकी गति करीब 15 से 20 किलोमीटर प्रति घंटे रही। अब गुरुवार सुबह तेज हवाओं और बूंदाबांदी के बाद लोगों को दिन के तापमान में राहत मिलने की उम्मीद है।

