Samachar Nama
×

दिल्ली-NCR Weather Report: काले बादलों का डेरा, बारिश से मौसम हुआ सुहाना!

दिल्ली-NCR Weather Report: काले बादलों का डेरा, बारिश से मौसम हुआ सुहाना!

दिल्ली-NCR में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। सुबह से उमस और गर्मी से परेशान लोगों को दोपहर बाद राहत मिली, जब अचानक आसमान में घने काले बादल छा गए और कई इलाकों में तेज बारिश शुरू हो गई। नोएडा में बारिश से पहले आसमान पूरी तरह काले बादलों से ढक गया और दिन में ही अंधेरा जैसा नजारा देखने को मिला। इसके बाद जोरदार बारिश हुई।

बारिश के कारण कई इलाकों में सड़कों पर पानी जमा हो गया, वहीं ट्रैफिक की रफ्तार भी धीमी पड़ गई। ऑफिस और काम से लौट रहे लोगों को भी बारिश के चलते परेशानी का सामना करना पड़ा।

IMD ने बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया

मौसम विभाग ने दिल्ली-NCR में आज बादल छाए रहने और हल्की बारिश की संभावना जताई थी। IMD के मुताबिक दिल्ली, नोएडा, गुरुग्राम और गाजियाबाद में अधिकतम तापमान 33 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। वहीं न्यूनतम तापमान 25 से 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

मौसम विभाग ने कुछ इलाकों में बारिश के साथ आंधी-तूफान और बिजली गिरने की भी संभावना जताई है। ऐसे में लोगों को खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। बारिश के कारण सड़कें फिसलन भरी हो सकती हैं और कई जगह ट्रैफिक प्रभावित होने की आशंका है।

बुधवार को भी हुई थी अच्छी बारिश

दिल्ली-NCR में बुधवार को भी कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हुई थी। कुछ स्थानों पर मध्यम से भारी बारिश के साथ तेज हवाएं, आंधी और बिजली भी देखने को मिली थी।

बारिश के आंकड़ों की बात करें तो पूसा में 51.1 मिमी, पीतमपुरा में 64.5 मिमी और मयूर विहार में 12 मिमी बारिश दर्ज की गई थी। लगातार बदलते मौसम के बीच दिल्ली-NCR के लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिल रही है, हालांकि बारिश के चलते जलभराव और ट्रैफिक जैसी परेशानियां भी सामने आ रही हैं।

Share this story

Tags