Samachar Nama
×

दिल्ली-एनसीआर में मानसून की विदाई, तापमान में होगी बढ़ोतरी

दिल्ली-एनसीआर में मानसून की विदाई, तापमान में होगी बढ़ोतरी
दिल्ली-एनसीआर में मानसून की विदाई, तापमान में होगी बढ़ोतरी

नई दिल्ली, 2 अक्टूबर (आईएएनएस)। राजधानी दिल्ली और उसके आसपास के राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) से मानसून अब पूरी तरह से विदा हो चुका है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, आने वाले दिनों में दिल्ली-एनसीआर में बारिश की कोई खास संभावना नहीं है।

मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान को देखें तो अक्टूबर की शुरुआत से ही तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है, और आसमान मुख्य रूप से साफ रहने वाला है। मौसम विभाग से उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, 2 अक्टूबर से लेकर 5 अक्टूबर तक दिल्ली का मौसम मुख्य रूप से साफ रह सकता है। इस दौरान अधिकतम तापमान 34 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रहेगा, जबकि न्यूनतम तापमान 23 से 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया जाएगा।

वहीं, 6 और 7 अक्टूबर को मौसम में थोड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। इन दो दिन आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं। 6 अक्टूबर को अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम 23 डिग्री रहने का अनुमान है, जबकि 7 अक्टूबर को पारा थोड़ा और नीचे गिरकर अधिकतम 32 डिग्री और न्यूनतम 22 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। हालांकि तापमान 35 डिग्री के आसपास ही है, लेकिन हवा में नमी की मात्रा अधिक होने के कारण लोगों को उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ सकता है।

मौसम विभाग ने इन सभी दिनों के लिए 'कोई चेतावनी नहीं' जारी की है, जिसका मतलब है कि मौसम किसी भी तरह की आपातकालीन स्थिति या भारी बारिश जैसी चेतावनी से मुक्त है। हालांकि, बारिश न होने और हवा की गति धीमी होने के कारण दिल्ली-एनसीआर की हवा की गुणवत्ता (एक्यूआई) में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। प्रदूषण के कण हवा में जमा हो रहे हैं, जिससे सांस लेने में तकलीफ हो सकती है। दिल्ली-एनसीआर में धूप तेज रहेगी और मौसम शुष्क बना रहेगा। सुबह-शाम के समय मौसम सुहावना रहेगा, लेकिन दोपहर में धूप और उमस परेशान कर सकती है।

--आईएएनएस

पीकेटी/वीकेयू

Share this story

Tags