Samachar Nama
×

दिल्ली-एनसीआर में बेमौसम बारिश, एक्यूआई में दिखा सुधार; सुबह-शाम हल्की ठंड का एहसास

दिल्ली-एनसीआर में बेमौसम बारिश, एक्यूआई में दिखा सुधार; सुबह-शाम हल्की ठंड का एहसास
दिल्ली-एनसीआर में बेमौसम बारिश, एक्यूआई में दिखा सुधार; सुबह-शाम हल्की ठंड का एहसास

नई दिल्ली, 13 अक्टूबर (आईएएनएस)। दिल्ली-एनसीआर में पिछले कुछ दिनों से मौसम ने अचानक करवट ले ली है। पश्चिमी विक्षोभ और चक्रवाती हवाओं के सक्रिय होने से मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। इस नए मौसमी तंत्र के कारण उत्तर भारत में बेमौसम बारिश और तेज हवाएं चल रही हैं, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई है।

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग की स्थानीय मौसम रिपोर्ट और पूर्वानुमान के अनुसार, आने वाले दिनों में मौसम सुहावना बना रहेगा। विभाग के आंकड़ों पर नजर डालें तो 14 अक्टूबर को अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। वहीं, ह्यूमिडिटी (आर्द्रता) 90 से 65 प्रतिशत के बीच रहेगी। आकाश में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे।

15 अक्टूबर को तापमान में मामूली गिरावट के साथ अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम 22 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा सकता है। 16 अक्टूबर को दिन का तापमान और नीचे गिरकर 31 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि रात का तापमान 21 डिग्री सेल्सियस रहेगा।

मौसम विभाग के मुताबिक, 17 अक्टूबर से आर्द्रता में थोड़ी कमी आएगी और यह 85 से 60 प्रतिशत के बीच रहेगी। तापमान 32 डिग्री से 21 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा। 18 अक्टूबर तक मौसम में और ज्यादा सुधार देखने को मिलेगा, जहां अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है।

इन सभी दिनों में आसमान में आंशिक बादल छाए रहेंगे और मौसम विभाग की ओर से किसी भी तरह की कोई चेतावनी नहीं दी गई है। इस बदलाव का सबसे बड़ा असर यह हुआ है कि सुबह और शाम के समय लोगों को हल्की ठंड यानी 'गुलाबी ठंड' का एहसास होने लगा है। तेज बारिश और हवाओं ने दिल्ली-एनसीआर की हवा को भी पूरी तरह से धो डाला है। बारिश के चलते प्रदूषण के कण हवा में नहीं टिक पा रहे हैं, जिससे शहरवासियों को प्रदूषण से बड़ी राहत मिली है और हवा की गुणवत्ता में सुधार देखने को मिल रहा है।

मौसम विज्ञानियों का कहना है कि फिलहाल अगले कुछ दिनों तक मौसम इसी तरह सुहावना बना रहेगा। बेमौसम बारिश ने जहां एक तरफ किसानों के लिए चिंता बढ़ाई है, वहीं दूसरी तरफ शहरी जनजीवन के लिए यह राहत की सौगात साबित हो रही है।

--आईएएनएस

पीकेटी/वीकेयू

Share this story

Tags