Samachar Nama
×

दिल्ली : नांगलोई में खुले सीवर में गिरा 4 साल का बच्चा, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

दिल्ली : नांगलोई में खुले सीवर में गिरा 4 साल का बच्चा, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
दिल्ली : नांगलोई में खुले सीवर में गिरा 4 साल का बच्चा, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

नई दिल्ली, 11 नवंबर (आईएएनएस)। दिल्ली के नांगलोई इलाके के दास गार्डन में मंगलवार दोपहर 3:21 बजे एक दर्दनाक हादसा हो गया। चार साल का मासूम बच्चा इमरान खुले सीवर में गिर गया और अब तक लापता है। उसे ढूंढने के लिए कई एजेंसियों का रेस्क्यू ऑपरेशन अभी भी जारी है।

बच्चे के पिता ने आईएएनएस से कहा, "रेस्क्यू ऑपरेशन चल रहा है। हमें नहीं पता कि वह कहां चला गया है या कहां फंसा हो सकता है।" परिवार के लिए हर पल भारी हो रहा है। बच्चा कहां गया, किस हाल में है, किसी को कुछ नहीं पता। पुलिस और बचाव दल लगातार सीवर लाइन में उसकी तलाश कर रहे हैं।

एक पड़ोसी ने कहा कि बच्चा यहां खेलने आया था, तभी गिर गया। इसके बाद यहां के लोगों ने पुलिस को सूचना दी, तब से कार्रवाई जारी है। आकाश नामक पड़ोसी ने बताया, "यहां पर 3.21 बजे बच्चा आया और अपने पापा को ढूंढ रहा था। पापा नहीं मिले, तो मम्मी उसे ले जा रही थी, तभी बेटे ने शौच करने के लिए कहा। तभी वहीं पर सीवर में गिर पड़ा।"

उन्होंने बताया, "और बड़ा बच्चा जो 8-9 साल का था, वह भागकर आया और कहने लगा कि मम्मी इसमें भैया गिर गया। मेरा यही कहना है कि पुलिस इसमें जल्दी से जल्दी कार्रवाई करे और बच्चे को ढूंढे।"

एक अन्य पड़ोसी ने कहा कि पुलिस बच्चे को ढूंढ रही है लेकिन बच्चा अभी मिल ही नहीं रहा है। वहीं, वहां मौजूद कुछ पड़ोसियों ने कहा कि इसमें प्रशासन की कोई गलती नहीं है, यह कहकर सवाल भी उठाए। उन्होंने कहा कि यहां पार्षद और मंत्री वोट लेने के लिए आ जाते हैं। सीवर को सही करने का काम किसका है? उन्होंने कहा कि बहुत सारे सीवर खुले पड़े हैं। लोगों का कहना है कि अगर सीवर ढका होता तो मासूम की जान खतरे में नहीं पड़ती।

--आईएएनएस

वीकेयू/पीएम

Share this story

Tags