Samachar Nama
×

दिल्ली मेट्रो ने मनाया 32वां स्थापना दिवस, फेज-5बी के तहत 7 नए कॉरिडोर की तैयारी शुरू

नई दिल्ली, 3 मई (आईएएनएस)। दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (डीएमआरसी) ने शनिवार को नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में अपना 32वां स्थापना दिवस मनाया। इस मौके पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
दिल्ली मेट्रो ने मनाया 32वां स्थापना दिवस, फेज-5बी के तहत 7 नए कॉरिडोर की तैयारी शुरू

नई दिल्ली, 3 मई (आईएएनएस)। दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (डीएमआरसी) ने शनिवार को नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में अपना 32वां स्थापना दिवस मनाया। इस मौके पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे।

कार्यक्रम में आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय के सचिव और डीएमआरसी के चेयरमैन कातिकिथला श्रीनिवास, डीएमआरसी के प्रबंध निदेशक डॉ. विकास कुमार समेत कई वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए। इस अवसर पर डीएमआरसी के वार्षिक पुरस्कार भी प्रदान किए गए, जिनमें कर्मचारियों और टीमों को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया।

इस दौरान सुषमा यादव को 'मेट्रो वूमन ऑफ द ईयर' और हरेंद्र कुमार को 'मेट्रो मैन ऑफ द ईयर' सम्मान दिया गया। लाजपत नगर मेट्रो स्टेशन को 'बेस्ट मेट्रो स्टेशन' और नजफगढ़ डिपो को 'बेस्ट मेट्रो डिपो' का पुरस्कार मिला। वहीं, राजभाषा पुरस्कार राजेश कुमार शर्मा को प्रदान किया गया।

समारोह में जापान दूतावास और जापान इंटरनेशनल कोऑपरेशन एजेंसी (जाइका) के वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल हुए। डीएमआरसी ने कहा कि दिल्ली मेट्रो परियोजना की शुरुआत से ही जाइका उसका महत्वपूर्ण सहयोगी रहा है।

केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल ने संदेश के जरिए डीएमआरसी को स्थापना दिवस की बधाई दी। उन्होंने कहा कि 2002 में महत्वाकांक्षी शुरुआत के साथ दिल्ली मेट्रो ने भारत के शहरी परिवहन को नई दिशा दी। उन्होंने बताया कि आज देश के 26 शहरों में 1150 किलोमीटर से अधिक लंबा मेट्रो नेटवर्क संचालित हो रहा है, जबकि कई हजार किलोमीटर के नए प्रोजेक्ट निर्माण और योजना के चरण में हैं।

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली मेट्रो के फेज-4 और फेज-5ए कॉरिडोर पर लगातार काम जारी है। उन्होंने कहा कि हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली को दो नए मेट्रो कॉरिडोर समर्पित किए और तीन नए कॉरिडोर की आधारशिला रखी, जिन पर काम शुरू हो चुका है।

मुख्यमंत्री ने कहा, ''दिल्ली के लोगों के लिए यह अच्छी खबर है कि दिल्ली मेट्रो अब फेज-5बी विस्तार के तहत सात नए कॉरिडोर की तैयारी शुरू कर रही है।''

केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने कहा कि यह केवल एक वर्ष पूरा होने का अवसर नहीं, बल्कि दिल्ली-एनसीआर के लाखों लोगों के भरोसे का उत्सव है। उन्होंने कहा कि भारत तेजी से बदल रहा है और दिल्ली मेट्रो इस बदलाव का मजबूत प्रतीक है।

डीएमआरसी ने कहा कि यह आयोजन दिल्ली मेट्रो की अब तक की यात्रा, उपलब्धियों और भविष्य की योजनाओं पर विचार करने का अवसर रहा। साथ ही यह सुरक्षित, भरोसेमंद और पर्यावरण अनुकूल सार्वजनिक परिवहन उपलब्ध कराने की उसकी प्रतिबद्धता को भी दर्शाता है।

--आईएएनएस

एएमटी/डीकेपी

Share this story

Tags