Samachar Nama
×

दिल्ली में वीएचपी के 'हिंदू हितचिंतक अभियान' का शुभारंभ, एक करोड़ लोगों तक पहुंचने का लक्ष्य : सुधांशु महाराज

दिल्ली में वीएचपी के 'हिंदू हितचिंतक अभियान' का शुभारंभ, एक करोड़ लोगों तक पहुंचने का लक्ष्य : सुधांशु महाराज
दिल्ली में वीएचपी के 'हिंदू हितचिंतक अभियान' का शुभारंभ, एक करोड़ लोगों तक पहुंचने का लक्ष्य : सुधांशु महाराज

नई दिल्ली, 21 नवंबर (आईएएनएस)। दिल्ली में विश्व हिंदू परिषद (वीएचपी) ने 'हिंदू हितचिंतक अभियान' की शुरुआत की। संगठन ने इस बार एक करोड़ लोगों तक पहुंचने का लक्ष्य रखा है। दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में वीएचपी के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष आलोक कुमार और आध्यात्मिक गुरु सुधांशु महाराज मौजूद रहे। उन्हीं की उपस्थिति में इस अभियान का शुभारंभ किया गया।

आध्यात्मिक गुरु सुधांशु महाराज ने इस अवसर पर आईएएनएस से बात करते हुए कहा कि पूरे समाज में प्रेम, सद्भाव और एकता की भावना के साथ एक करोड़ लोगों तक पहुंचने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि आज सभी हितचिंतकों को एकजुट करने और सद्भावना के साथ एक झंडे तले मिलकर काम करने का संकल्प लिया गया है। इसमें तन, मन, संसाधन और भावनाएं समर्पित की जाएंगी। इस संकल्प के लिए उन्होंने आलोक कुमार को हार्दिक बधाई दी।

वहीं, वीएचपी के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष आलोक कुमार ने अभियान की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यह वर्ष अशोक सिंघल का जन्मशताब्दी वर्ष है। हिंदू हित-चिंतक लोग हैं। हम हिंदू, विश्व हिंदू परिषद और हिंदू काम के भी हितचिंतक हैं। इसी सोच के साथ हम एक करोड़ लोगों के पास जाएंगे।

आलोक कुमार ने कहा कि कार्यकर्ता लोगों से शुभकामनाएं, आशीर्वाद और सहयोग मांगेंगे। यह सहयोग केवल तन-मन का नहीं, बल्कि धन का भी होगा। अभियान के तहत 20 रुपये का समर्पण प्राप्त किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस राशि का उपयोग हिंदू संगठन के लिए, हिंदू की शक्ति के लिए, हिंदू की संपन्नता के लिए, समाज की एकात्मता के लिए, गाय, संस्कृत और वेद के लिए किया जाएगा।

आलोक कुमार ने अभियान के महत्व पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि विश्व हिंदू परिषद का काम हिंदुओं का काम है। इसलिए हिंदुओं के पास जाना, तीन साल में एक बार दरवाजा खटखटाना, यह महत्वपूर्ण काम है। इससे सारे समाज का आशीर्वाद जुड़ता है और सारे समाज की भावना जुड़ती है।

--आईएएनएस

पीआईएम/पीएम

Share this story

Tags