Samachar Nama
×

दिल्ली : सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर पर फायरिंग की कोशिश को पुलिस ने किया नाकाम, राशिद केबलवाला गैंग से जुड़े 3 आरोपी पकड़े गए

दिल्ली : सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर पर फायरिंग की कोशिश को पुलिस ने किया नाकाम, राशिद केबलवाला गैंग से जुड़े 3 आरोपी पकड़े गए
दिल्ली : सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर पर फायरिंग की कोशिश को पुलिस ने किया नाकाम, राशिद केबलवाला गैंग से जुड़े 3 आरोपी पकड़े गए

नई दिल्ली, 20 नवंबर (आईएएनएस)। दक्षिण-पूर्वी जिला पुलिस ने हजरत निजामुद्दीन थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर पर फायरिंग को अंजाम देने की कोशिश नाकाम कर दी है। पुलिस ने हथियारों के साथ तीन आरोपियों को पकड़ा है।

मिली जानकारी के अनुसार, राशिद केबलवाला गैंग नेटवर्क से जुड़े सदस्य इंस्टाग्राम इन्फ्लुएंसर पर फायरिंग करने पहुंचे थे। हालांकि वारदात को अंजाम देने से पहले पुलिस ने दो हथियारबंद संदिग्धों और एक नाबालिग को पकड़ लिया। हजरत निजामुद्दीन थाना पुलिस ने आरोपियों के पास से 5 सेमी-ऑटोमैटिक पिस्टल और कारतूस बरामद किए हैं। आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

सूत्रों के मुताबिक, राशिद केबलवाला ने कथित तौर पर इन्फ्लुएंसर की हत्या का निर्देश दिया था। पकड़े गए आरोपियों ने हथियारों के साथ वीडियो भी अपने हैंडलर को भेजा था।

इसके पहले उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले में गुरुवार-शुक्रवार की मध्यरात्रि को यूपी एसटीएफ की नोएडा यूनिट और दिल्ली क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने 50 हजार के इनामी बदमाश नसीम उर्फ रिजवान को ढेर कर दिया था। नसीम डी-कंपनी यानी दाऊद गिरोह का सदस्य बताया जा रहा था। वह गाजियाबाद के थाना लोनी में दर्ज हत्या के प्रयास के एक मामले में वांछित चल रहा था। इसके अलावा दिल्ली में दर्ज हत्या के दो मामलों में भी पुलिस को उसकी तलाश थी।

पुलिस के अनुसार, नसीम के खिलाफ दोनों राज्यों में हत्या के चार मुकदमों सहित हत्या के प्रयास, रंगदारी (एक्सटॉर्शन) और अन्य गंभीर आपराधिक धाराओं में 26 से अधिक मुकदमे दर्ज थे। नसीम का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चर्चित हत्या की साजिशों से भी जुड़ चुका था। बताया जाता है कि उसने छोटा शकील के कहने पर पाकिस्तानी-कैनेडियन मूल के तारिक फतह और तिहाड़ जेल में बंद अंडरवर्ल्ड डॉन छोटा राजन की हत्या की सुपारी ली थी।

नसीम पर दिल्ली के खजूरी खास इलाके में पिछले छह महीनों के दौरान दो सनसनीखेज हत्याओं को अंजाम देने का भी आरोप था। इन घटनाओं के बाद दिल्ली पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी। हत्या, सुपारी किलिंग, रंगदारी और अन्य संगीन अपराधों में उसकी कथित संलिप्तता के चलते वह पुलिस के लिए लंबे समय से चुनौती बना हुआ था।

--आईएएनएस

ओपी/एएस

Share this story

Tags