दिल्ली में प्रदूषण को लेकर 'आप' का सरकार पर निशाना, अंकुश नारंग बोले- राजधानी को बना दिया दुनिया का सबसे प्रदूषित शहर
नई दिल्ली, 10 नवंबर (आईएएनएस)। दिल्ली में बढ़ते वायु प्रदूषण को लेकर आम आदमी पार्टी (आप) ने दिल्ली सरकार और नगर निगम पर निशाना साधा है। एमसीडी में नेता प्रतिपक्ष और 'आप' के नेता अंकुश नारंग ने आरोप लगाया कि भाजपा की चार इंजन वाली सरकार की नाकामी के कारण देश की राजधानी दिल्ली जहरीली हवा की चपेट में है। उन्होंने कहा कि दिल्ली की स्थिति गैस चैंबर जैसी हो गई है और दीपावली की रात प्रदूषण का स्तर बेहद खतरनाक स्थिति में पहुंच गया था।
नारंग के मुताबिक, दीपावली की रात उनके विधानसभा क्षेत्र पटेल नगर में एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) 1870 तक दर्ज किया गया, जबकि मंगलवार को भी राजधानी के कई इलाकों में एक्यूआई 500 के पार बना हुआ है। मंगलवार को सिविक सेंटर स्थित एमसीडी मुख्यालय में अंकुश नारंग ने केंद्र और दिल्ली सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि सरकार ने दिल्ली को दुनिया का सबसे प्रदूषित शहर बनाने का नया रिकॉर्ड कायम किया है। उनके अनुसार, प्रदूषण के कारण दिल्ली के लोगों को सांस लेने में परेशानी हो रही है। विशेष रूप से अस्थमा, हृदय रोग और सांस संबंधी बीमारियों से पीड़ित मरीजों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।
उन्होंने कहा कि जहरीली हवा के कारण लोगों को स्वास्थ्य संबंधी गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। अंकुश नारंग ने दिल्ली सरकार और एमसीडी पर प्रदूषण के वास्तविक आंकड़े छिपाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा अब वोट चोरी और राम मंदिर के चंदे को लेकर लगाए गए आरोपों के बाद एक्यूआई के आंकड़ों में भी हेराफेरी कर रही है। नारंग ने दावा किया कि जहांगीरपुरी स्थित प्रदूषण निगरानी स्टेशन पर लगातार पानी का छिड़काव किया जा रहा है, जिससे वहां दर्ज होने वाले प्रदूषण के आंकड़े प्रभावित हो सकते हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि दीपावली के दिन दिल्ली के सभी मॉनिटरिंग स्टेशन बंद कर दिए गए थे, ताकि लोगों को प्रदूषण के वास्तविक स्तर की जानकारी नहीं मिल सके। इसके अलावा, उन्होंने दावा किया कि दिल्ली में बनाए गए 20 नए मॉनिटरिंग स्टेशन भी ऐसे हरे-भरे इलाकों में स्थापित किए गए हैं, जहां प्रदूषण का स्तर अपेक्षाकृत कम हो सकता है। नारंग के मुताबिक, दिवाली के दिन इन स्टेशनों को भी बंद रखा गया था। उन्होंने सरकार से इन आरोपों पर जवाब देने और प्रदूषण निगरानी व्यवस्था की पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की। आप नेता ने कहा कि दिल्ली में प्रदूषण नियंत्रण के लिए न तो सड़कों पर नियमित पानी का छिड़काव दिखाई दे रहा है और न ही कोई प्रभावी कार्ययोजना जमीन पर नजर आ रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि पहले आम आदमी पार्टी की सरकार के दौरान सड़कों पर पानी का छिड़काव करने वाली एमसीडी की गाड़ियां दिखाई देती थीं, लेकिन अब ऐसी गाड़ियां नजर नहीं आ रही हैं। पीडब्ल्यूडी की सड़कों पर भी पानी का छिड़काव करने वाले वाहनों की सक्रियता दिखाई नहीं दे रही है। नारंग ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और मेयर प्रवेश वाही की भूमिका पर सवाल उठाते हुए कहा कि आखिर राजधानी में प्रदूषण रोकने के लिए सरकार और नगर निगम क्या कदम उठा रहे हैं? उन्होंने कहा कि दिल्ली की जनता को भाषण और वादे नहीं, बल्कि स्वच्छ हवा और सुरक्षित जीवन चाहिए। साफ हवा कोई सरकार की ओर से दिया जाने वाला एहसान नहीं, बल्कि दिल्ली के प्रत्येक नागरिक का अधिकार है।
एमसीडी में नेता प्रतिपक्ष ने बताया कि पिछले सदन की बैठक में भी आम आदमी पार्टी ने प्रदूषण का मुद्दा उठाया था। पार्टी की ओर से मांग की गई थी कि प्रदूषण नियंत्रण से जुड़े अधिकारियों की ड्यूटी और जवाबदेही तय की जाए। जिन अधिकारियों की लापरवाही के कारण प्रदूषण नियंत्रण के उपाय प्रभावी ढंग से लागू नहीं हो रहे हैं, उनके खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए। हालांकि, उनके अनुसार, दिल्ली सरकार और एमसीडी की ओर से अब तक इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार को तत्काल प्रदूषण नियंत्रण के लिए प्रभावी कदम उठाने चाहिए। दिल्ली की जनता को जहरीली हवा के भरोसे नहीं छोड़ा जा सकता। नारंग ने आरोप लगाया कि सरकार के प्रतिनिधि दिवाली मिलन समारोहों में व्यस्त हैं, जबकि राजधानी के लोग सांस लेने के लिए संघर्ष कर रहे हैं। अंकुश नारंग ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से दिल्ली में प्रदूषण की स्थिति को गंभीरता से लेते हुए तत्काल ठोस कार्रवाई करने की मांग की। उन्होंने कहा कि दिल्लीवासियों को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराना सरकार की जिम्मेदारी है।
--आईएएनएस
पीकेटी/डीकेपी

