दिल्ली : पाकिस्तानी हैंडल्स के खिलाफ आईएफएसओ यूनिट की कार्रवाई, 4 से ज्यादा एफआईआर दर्ज
नई दिल्ली, 13 अक्टूबर (आईएएनएस)। दिल्ली पुलिस की आईएफएसओ (इंटेलिजेंस फ्यूजन एंड स्ट्रेटेजिक ऑपरेशंस) यूनिट ने झूठे नैरेटिव फैलाने और देश का माहौल खराब करने वाले सोशल मीडिया हैंडल्स के खिलाफ 4 से ज्यादा एफआईआर दर्ज की हैं।
पुलिस के अनुसार, सोशल मीडिया के जरिए सीमा पार से भारत विरोधी माहौल फैलाया जा रहा है। कई पाकिस्तानी सोशल मीडिया हैंडलर्स के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उनकी आईडी को एक्टिव करवाया गया है। सूत्रों के मुताबिक, 10 अक्टूबर को पाकिस्तान के कई सोशल मीडिया हैंडल से प्रदर्शन में कई लोगों की मौत की झूठी खबर पोस्ट की गई थी। पाकिस्तान में बैठे लोग भारतीय नाम से यूजर्स बनाकर फर्जी वीडियो और भ्रामक खबरें चला रहे हैं।
दिल्ली पुलिस सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि अब तक करीब 500 ऐसे सोशल मीडिया पोस्ट हटाए गए हैं, जो अफवाह फैला रहे थे या लोगों के बीच अशांति पैदा करने की कोशिश कर रहे थे। इसके अलावा, पुलिस सूत्रों के मुताबिक, 12 अक्टूबर को नई दिल्ली में हुए प्रदर्शन को लेकर कुल 4 एफआईआर दर्ज की गई हैं। ये एफआईआर भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 163 के उल्लंघन और अन्य धाराओं में दर्ज की गई हैं।
सूत्रों ने बताया कि कनॉट प्लेस इलाके में बीएनएसएस के उल्लंघन पर एफआईआर दर्ज हुई है। इनमें से 2 एफआईआर तिलक मार्ग थाने में, 1 मंदिर मार्ग थाने में और 1 बाराखंभा थाने में दर्ज की गई है।
वहीं, दूसरी ओर कांग्रेस की केरल यूनिट के एक सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है। सुप्रीम कोर्ट के एक वकील ने चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया (सीजेआई) सूर्यकांत से इस मामले में स्वतः संज्ञान लेकर आपराधिक अवमानना की कार्रवाई शुरू करने की मांग की है। दरअसल, केरल कांग्रेस ने 'एक्स' पर एक पोस्ट किया था, जिसे बाद में डिलीट कर दिया गया। पोस्ट में लिखा था, "डियर सूर्यकांत, अगर कानून-व्यवस्था संभालना आपके बस की बात नहीं है, तो अभी इस्तीफा दे दें। हम आपकी जगह किसी ऐसे व्यक्ति को ले आएंगे जो इसे संभाल सके।"
इस पोस्ट को लेकर वकील विनीत जिंदल ने सीजेआई को शिकायत दी है। उन्होंने कहा है कि इस पोस्ट और सुप्रीम कोर्ट परिसर में हुए प्रदर्शन और नारेबाजी की जांच की जानी चाहिए कि क्या यह कानून के तहत कार्रवाई योग्य है। उन्होंने सुप्रीम कोर्ट की सुरक्षा और सुचारू कामकाज को लेकर भी चिंता जताई है।
--आईएएनएस
वीकेयू/पीएम

