Samachar Nama
×

दिल्ली में नीतीश कुमार से मिले जदयू सांसद, बिहार के विकास और जनहित के मुद्दों पर हुई चर्चा

दिल्ली में नीतीश कुमार से मिले जदयू सांसद, बिहार के विकास और जनहित के मुद्दों पर हुई चर्चा
दिल्ली में नीतीश कुमार से मिले जदयू सांसद, बिहार के विकास और जनहित के मुद्दों पर हुई चर्चा

नई दिल्ली, 12 अगस्त (आईएएनएस)। जनता दल (यूनाइटेड) के सांसदों ने बुधवार को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष, पूर्व मुख्यमंत्री एवं राज्यसभा सांसद नीतीश कुमार से दिल्ली स्थित उनके सरकारी आवास पर मुलाकात की। इस दौरान जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद संजय कुमार झा भी मौजूद रहे।

बैठक में नीतीश कुमार ने सांसदों से संसद में उठाए जा रहे जनहित और बिहार के विकास से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों की जानकारी ली। उन्होंने सांसदों के संसदीय क्षेत्रों में चल रही विकास योजनाओं और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की प्रगति पर भी विस्तृत फीडबैक प्राप्त किया।

सांसदों ने अपने-अपने लोकसभा क्षेत्रों में जारी विकास कार्यों, बुनियादी ढांचा परियोजनाओं और कल्याणकारी योजनाओं की अद्यतन स्थिति से नीतीश कुमार को अवगत कराया। इस दौरान नीतीश कुमार ने सांसदों को जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता के साथ संसद में उठाने और विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए लगातार सक्रिय रहने का निर्देश दिया।

बैठक में लोकसभा में जदयू संसदीय दल के नेता दिलेश्वर कामत, सांसद कौशलेन्द्र कुमार, देवेशचंद्र ठाकुर, आलोक कुमार सुमन, रामप्रीत मंडल, विजयलक्ष्मी देवी, सुनील कुमार तथा विधान परिषद में सत्तारूढ़ दल के उपनेता एवं पार्टी कोषाध्यक्ष ललन कुमार सर्राफ भी उपस्थित रहे।

इसी बीच, बिहार सरकार के अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री मो. जमा खान ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान बिहार के सर्वांगीण विकास, जनहित से जुड़े मुद्दों और राज्य की प्रगति पर विस्तार से चर्चा हुई।

मो. जमा खान ने बिहार के विकास के लिए केंद्र सरकार के सहयोग और समन्वय से जुड़े विषयों को दोनों केंद्रीय मंत्रियों के समक्ष रखा। उन्होंने विशेष रूप से कैमूर जिले के भभुआ रोड रेलवे स्टेशन पर राजधानी एक्सप्रेस के ठहराव की मांग उठाई।

उन्होंने कहा कि भभुआ रोड रेलवे स्टेशन क्षेत्र का महत्वपूर्ण रेलवे स्टेशन है और यहां राजधानी एक्सप्रेस के ठहराव से स्थानीय यात्रियों, व्यापारियों एवं आम लोगों को बड़ी सुविधा मिलेगी। साथ ही इससे क्षेत्र के आर्थिक और सामाजिक विकास को भी बढ़ावा मिलेगा।

--आईएएनएस

एएमटी/डीकेपी

Share this story

Tags