Samachar Nama
×

दिल्ली में जॉन ब्रिटास के साथ पुलिस की कार्रवाई पर उमर अब्दुल्ला ने जताई नाराजगी

दिल्ली में जॉन ब्रिटास के साथ पुलिस की कार्रवाई पर उमर अब्दुल्ला ने जताई नाराजगी
दिल्ली में जॉन ब्रिटास के साथ पुलिस की कार्रवाई पर उमर अब्दुल्ला ने जताई नाराजगी

नई दिल्ली, 11 अक्टूबर (आईएएनएस)। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन के दौरान सीपीआई (एम) के राज्यसभा सांसद जॉन ब्रिटास पर कथित बल प्रयोग और हिरासत में लिए जाने की जानकारी मिली है। जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने इस घटना की निंदा की है।

उमर अब्दुल्ला ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर सांसद जॉन ब्रिटास की वीडियो शेयर कर इस घटना की कड़ी निंदा की है। सीएम अब्दुल्ला ने अपनी पोस्ट में लिखा कि दिल्ली पुलिस द्वारा बल का यह प्रयोग अस्वीकार्य है। निहत्थे प्रदर्शनकारी की पिटाई करना, भले ही पीड़ित एक निर्वाचित सांसद हो, किसी भी परिस्थिति में अस्वीकार्य और अनुचित है। मैं अपने सभी नेशनल कॉन्फ्रेंस के सहयोगियों के साथ इस निंदनीय क्रूरता की निंदा करता हूं।

वहीं, सीपीआई (एम) ने आरोप लगाया है कि दिल्ली पुलिस ने सांसद ब्रिटास के साथ बर्बरतापूर्ण तरीके से मारपीट की, जिसके बाद उनको सड़क किनारे छोड़ दिया गया। आरोप है कि इस दौरान ब्रिटास बुरी तरह घायल हो गए, जिसके चलते उनको चलने-फिरने में भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।

बता दें कि दिल्ली के कनॉट प्लेस में मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार और भारत निर्वाचन आयोग (ईसीआई) के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे कई लोगों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। प्रदर्शनकारी मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग कर रहे थे। इस दौरान सीपीआई (एम) के सांसद जॉन ब्रिटास और पुलिसकर्मियों के बीच तीखी बहस भी हुई, जब पुलिस उन्हें हिरासत में लेने की कोशिश कर रही थी। प्रदर्शन को लेकर भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीआई ) और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) यानी सीपीआई (एम) के नेताओं ने केंद्र सरकार और पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए।

इस दौरान सांसद जॉन ब्रिटास को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। प्रदर्शनकारी मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहे थे। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तनाव की स्थिति बनी रही।

सीपीआई (एम) सांसद एए रहीम ने जॉन ब्रिटास को हिरासत में लिए जाने की आलोचना की। उन्होंने कहा कि कुछ मिनट पहले ही देश के एक सांसद और प्रमुख राजनीतिक नेता जॉन ब्रिटास को हिरासत में लिया गया। रहीम ने इस कार्रवाई को गैरकानूनी बताते हुए आरोप लगाया कि इससे भारतीय संविधान द्वारा दिए गए अधिकारों का हनन हुआ है।

उन्होंने कहा कि देश में सांसदों को कुछ विशेषाधिकार और छूट प्राप्त हैं लेकिन मौजूदा परिस्थितियों में उनका भी सम्मान नहीं किया जा रहा है। रहीम ने देश में अघोषित आपातकाल जैसी स्थिति होने का आरोप भी लगाया।

--आईएएनएस

एमएस/

Share this story