Samachar Nama
×

दिल्ली में झंडेवालान फ्लैटेड फैक्ट्री कॉम्प्लेक्स बनेगी स्मार्ट इंडस्ट्रियल हब, मंत्री मनजिंदर सिरसा ने की समीक्षा बैठक

दिल्ली में झंडेवालान फ्लैटेड फैक्ट्री कॉम्प्लेक्स बनेगी स्मार्ट इंडस्ट्रियल हब, मंत्री मनजिंदर सिरसा ने की समीक्षा बैठक
दिल्ली में झंडेवालान फ्लैटेड फैक्ट्री कॉम्प्लेक्स बनेगी स्मार्ट इंडस्ट्रियल हब, मंत्री मनजिंदर सिरसा ने की समीक्षा बैठक

नई दिल्ली, 31 अगस्त (आईएएनएस)। दिल्ली सरकार के उद्योग मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने सोमवार को सचिवालय में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ राष्ट्रीय राजधानी के औद्योगिक विकास और ई-वेस्ट के बेहतर प्रबंधन को लेकर समीक्षा बैठक की।

मंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट करते हुए लिखा, "आज सचिवालय में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ दिल्ली के औद्योगिक विकास और ई-वेस्ट के बेहतर प्रबंधन को लेकर समीक्षा बैठक हुई। बैठक में झंडेवालान फ्लैटेड फैक्ट्री कॉम्प्लेक्स को आधुनिक सुविधाओं से लैस 'स्मार्ट इंडस्ट्रियल हब' के रूप में विकसित करने और दिल्ली में ई-वेस्ट के उचित संग्रह, पृथक्करण, विखंडन और पुनर्चक्रण के लिए वैज्ञानिक सुविधाएं स्थापित करने के रोडमैप पर चर्चा हुई।"

उन्होंने लिखा, "मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में, हम पर्यावरण को सुरक्षित रखते हुए दिल्ली के उद्योगों को मजबूत और आधुनिक बनाने की दिशा में लगातार काम कर रहे हैं।"

बैठक में अधिकारियों ने झंडेवालान स्थित फ्लैटेड फैक्ट्री कॉम्प्लेक्स को अपग्रेड करने की योजना पर विस्तार से चर्चा की। इस कॉम्प्लेक्स को स्मार्ट इंडस्ट्रियल हब के रूप में विकसित किया जाएगा, जिसमें आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर, बेहतर कनेक्टिविटी और पर्यावरण अनुकूल सुविधाएं उपलब्ध होंगी। सरकार का लक्ष्य है कि छोटे और मध्यम उद्योगों को एक ही स्थान पर सभी जरूरी सुविधाएं मिलें।

इसके साथ ही बैठक में दिल्ली में तेजी से बढ़ रहे ई-वेस्ट के प्रबंधन पर भी जोर दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि राजधानी में हर साल हजारों टन इलेक्ट्रॉनिक कचरा निकलता है, जिसके वैज्ञानिक तरीके से निपटान के लिए आधुनिक सुविधाओं की आवश्यकता है। सरकार ई-वेस्ट के संग्रह, पृथक्करण, विखंडन और पुनर्चक्रण के लिए एक समग्र रोडमैप तैयार कर रही है।

मंत्री सिरसा ने कहा कि सरकार की मंशा उद्योगों को बढ़ावा देने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण को भी प्राथमिकता देना है। दिल्ली को एक ग्रीन और सस्टेनेबल इंडस्ट्रियल हब बनाने के लिए इस तरह के कदम उठाए जा रहे हैं। बैठक में संबंधित विभागों को तय समय सीमा के भीतर कार्य योजना प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।

--आईएएनएस

एससीएच/एबीएम

Share this story