दिल्ली में सीएनजी 83.09 से बढ़कर 86.98 रुपये प्रति किलो, ऑटो चालक बोले- हर चीज महंगी, गरीब पर पड़ रहा असर
नई दिल्ली, 29 अगस्त (आईएएनएस)। दिल्ली-एनसीआर में सीएनजी की कीमतों में 3.89 रुपये प्रति किलोग्राम की वृद्धि की गई है। संशोधित दरें शनिवार सुबह 6 बजे से प्रभावी हो गई हैं। यह वृद्धि राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में प्रमुख शहरी गैस वितरक इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (आईजीएल) द्वारा घोषित की गई है।
एक ऑटो-रिक्शा ड्राइवर ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बात करते हुए कहा, "सीएनजी का इस्तेमाल सिर्फ़ ऑटो-रिक्शा ही नहीं करते, बल्कि कारें, बाइक और बसें भी इसी से चलती हैं। इसलिए, कीमत बढ़ने का असर सब पर पड़ता है। हम यात्रियों को बताते हैं कि गैस की कीमतें बढ़ गई हैं, और वे खुद ही थोड़ा ज़्यादा किराया दे देते हैं।"
दूसरे ऑटो-रिक्शा ड्राइवर ने कहा, "इस बारे में हम क्या कह सकते हैं? यह पूरी जनता के लिए एक समस्या है। सरकार जिस तरह से चीज़ों को संभाल रही है, उससे हम खुश नहीं हैं। अब दाम बढ़ने के बाद यह 86.98 रुपए प्रति किलो हो जाएगा। हम इसके बारे में क्या कर सकते हैं? इससे ऑटो-रिक्शा ड्राइवरों और दूसरे वाहन चलाने वाले लोगों के लिए भी मुश्किलें पैदा होती हैं। लेकिन हमारे यात्री उतना ही किराया देते हैं। चाहे वे ऑनलाइन बुक करें या किसी और तरह से, किराया लगभग वही रहता है।"
ऑटो-रिक्शा ड्राइवर ने कहा, "हर चीज महंगी होती जा रही है। कभी चीनी के दाम बढ़ जाते हैं, कभी सब्ज़ियों के, तो कभी प्याज़ के दाम बढ़ रहे है, इसका असर अमीर लोगों पर नहीं पड़ता, लेकिन ग़रीबों पर पड़ता है। सरकार को एक बार सोचना चाहिए। जिस तरह से महंगाई बढ़ रही है वो देश के लिए सही नहीं है।"
उन्होने कहा कि सीएनजी से चलने वाली निजी गाड़ियों के मालिकों पर भी ईंधन का अतिरिक्त खर्च बढ़ेगा। लगातार बढ़ती कीमतों के बीच दिल्ली-एनसीआर में सीएनजी वाहन चलाने वाले लोगों के लिए ईंधन का खर्च एक बड़ी चिंता बनता जा रहा है। इससे ऑटो चालक आने वाले दिनों में अपना किराया भी बढ़ाने लगेंगे, जिसका असर सभी लोगों पर पड़ेगा।
बता दें कि अब बढ़ोतरी के बाद, दिल्ली में सीएनजी की कीमत 83.09 रुपये प्रति किलोग्राम से बढ़कर 86.98 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई है।
--आईएएनएस
एसएके/एएस

