Samachar Nama
×

दिल्ली में बारिश के बीच जलभराव रोकने के लिए सरकार अलर्ट, सीएम रेखा गुप्ता ने अधिकारियों को दिए निर्देश

दिल्ली में बारिश के बीच जलभराव रोकने के लिए सरकार अलर्ट, सीएम रेखा गुप्ता ने अधिकारियों को दिए निर्देश
दिल्ली में बारिश के बीच जलभराव रोकने के लिए सरकार अलर्ट, सीएम रेखा गुप्ता ने अधिकारियों को दिए निर्देश

नई दिल्ली, 9 जुलाई (आईएएनएस)। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में लगातार बारिश के बीच सभी मुख्य मार्गों पर जलभराव की स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए अधिकारी सतर्क हैं। मुख्यमंत्री कार्यालय ने जानकारी दी कि सीएम रेखा गुप्ता के आदेश पर सरकार की सभी एजेंसियां अलर्ट हैं और सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

दिल्ली सीएमओ के अनुसार, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अधिकारियों से स्थिति का जायजा लिया है। जल बोर्ड, पीडब्ल्यूडी और नगर निगम की टीमें किसी भी स्थिति से निपटने के लिए मौके पर तैनात हैं। दिल्ली सरकार जलभराव की समस्या से निपटने के लिए युद्धस्तर पर काम कर रही है। प्रशासन की ओर से सभी जरूरी उपाय किए जा रहे हैं।

पिछले 24 घंटे से दिल्ली-एनसीआर में बारिश का दौर जारी है। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के अनुसार, दिल्ली में पिछले 24 घंटे के दौरान सुबह 8.30 बजे तक कई इलाकों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। मयूर विहार में सबसे अधिक 103 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई, जबकि दिल्ली विश्वविद्यालय क्षेत्र में 90 मिमी, मेहरौली में 86 मिमी, पूसा और लोधी रोड इलाके में 83-83 मिमी, लोधी रोड में 80 मिमी और रिज में 78 मिमी वर्षा दर्ज हुई।

इसके अलावा सफदरजंग में 73 मिमी, छतरपुर में 72 मिमी, पालम और नारायणा में 63-63 मिमी, जनकपुरी में 62 मिमी, अयानगर में 57 मिमी, प्रगति मैदान में 50 मिमी, नजफगढ़ में 43 मिमी, मुंगेशपुर में 41 मिमी, झरोदा कलां में 33 मिमी और जाफरपुर में 6 मिमी बारिश दर्ज की गई।

लगातार बारिश के कारण शहर के कुछ हिस्सों में थोड़ा पानी भर गया, जिनमें नई दिल्ली रेलवे स्टेशन, मुनिरका और अन्य इलाके शामिल हैं। बारिश के बीच दिल्ली के कुछ इलाकों में पेड़ गिरने से यातायात प्रभावित हुआ। दिल्ली के ईस्ट कैलाश में इस्कॉन मंदिर के पास मुख्य सड़क पर एक पेड़ गिर गया, जिससे रास्ते में रुकावट आ गई। गोविंदपुरी इलाके में भी बारिश के दौरान गुरु रविदास मार्ग पर एक पेड़ गिर गया।

--आईएएनएस

डीसीएच/

Share this story

Tags