Samachar Nama
×

दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण के खिलाफ एमसीडी सदन में ‘आप’ पार्षदों का प्रदर्शन, मास्क पहनकर जताया विरोध

दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण के खिलाफ एमसीडी सदन में ‘आप’ पार्षदों का प्रदर्शन, मास्क पहनकर जताया विरोध
दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण के खिलाफ एमसीडी सदन में ‘आप’ पार्षदों का प्रदर्शन, मास्क पहनकर जताया विरोध

नई दिल्ली, 27 नवंबर (आईएएनएस)। दिल्ली में लगातार बिगड़ती वायु गुणवत्ता और बढ़ते प्रदूषण को लेकर आम आदमी पार्टी (आप) के निगम पार्षदों ने शुक्रवार को दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के सदन में अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया। एमसीडी में नेता प्रतिपक्ष अंकुश नारंग के नेतृत्व में पहुंचे आप पार्षदों ने मास्क पहनकर भाजपा शासित निगम और दिल्ली सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।

इस दौरान पार्षदों ने वायु प्रदूषण के साथ-साथ दिल्ली की बदहाल सफाई व्यवस्था, कर्मचारियों के वेतन, वार्डों के विकास बजट, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े मुद्दे भी उठाए।

नेता प्रतिपक्ष अंकुश नारंग ने कहा कि दिल्ली में प्रदूषण का स्तर लगातार बढ़ रहा है और लोगों को सांस लेने में परेशानी हो रही है। इसके बावजूद भाजपा सरकार प्रदूषण कम करने के लिए प्रभावी कदम उठाने के बजाय एक्यूआई के आंकड़ों के साथ छेड़छाड़ करने में लगी है। उन्होंने आरोप लगाया कि दिवाली के दिन दिल्ली का एक्यूआई 2000 तक पहुंच गया था और इसके बाद भी लगातार 400 से 500 के बीच बना रहा। गुरुवार रात को भी एक्यूआई का स्तर 337 दर्ज किया गया, जो स्वास्थ्य के लिहाज से बेहद खतरनाक स्थिति है।

नारंग ने कहा कि सिविक सेंटर की 28वीं मंजिल पर लगी एंटी स्मॉग गन तक काम नहीं कर रही थी। जब एमसीडी अपने मुख्यालय में प्रदूषण नियंत्रण के उपकरणों को दुरुस्त नहीं रख पा रही है तो शहर में प्रदूषण पर नियंत्रण कैसे करेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली की सफाई व्यवस्था भी पूरी तरह चरमरा गई है। शहर की सड़कों और गलियों में कूड़े के ढेर लगते जा रहे हैं और कई स्थान कूड़े के संवेदनशील प्वाइंट में तब्दील हो रहे हैं।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार को मॉनिटरिंग स्टेशनों पर पानी डालने, उन्हें बंद करने या आंकड़ों के साथ छेड़छाड़ करने के बजाय प्रदूषण के वास्तविक कारणों पर काम करना चाहिए। इसके लिए अधिकारियों की जवाबदेही भी तय होनी चाहिए। सदन में पार्षदों के विकास बजट का मुद्दा उठाते हुए अंकुश नारंग ने कहा कि भाजपा शासित एमसीडी ने प्रत्येक निगम पार्षद को अपने वार्ड में विकास कार्य कराने के लिए दो करोड़ रुपये देने की घोषणा की थी, लेकिन अब तक केवल 75 लाख रुपये ही जारी किए गए हैं।

उन्होंने महापौर प्रवेश वाही और निगम आयुक्त संजीव खिरवार के सामने शेष 1.25 करोड़ रुपये तत्काल जारी करने की मांग रखी। नारंग के मुताबिक, 25 लाख रुपये जारी करने को लेकर एक और पत्र आया है, लेकिन अभी भी घोषित बजट का बड़ा हिस्सा बाकी है। उन्होंने कहा कि बजट की कमी के कारण वार्डों में विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इस बार दिवाली पर पार्षदों को मिलने वाली नियमित लाइटें भी उपलब्ध नहीं कराई गईं। पिछले वर्ष कर्मचारियों की दिवाली खराब हुई थी और इस बार पार्षदों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ा। इसके अलावा उन्होंने महापौर पर सिख धर्म की भावनाओं का सम्मान नहीं करने का आरोप लगाते हुए सदन में इस विषय को भी उठाया।

उधर, एमसीडी के सह प्रभारी प्रवीण कुमार ने कहा कि पिछले एक महीने से दिल्ली में प्रदूषण की स्थिति लगातार गंभीर होती जा रही है। उन्होंने दावा किया कि एक्यूआई का स्तर 3000 तक पहुंचने की स्थिति बनी और दिल्लीवासी साफ हवा में सांस लेने के लिए तरस रहे हैं।

उनके अनुसार, आप पार्षदों ने मास्क पहनकर प्रदर्शन के माध्यम से सरकार को यह संदेश देने की कोशिश की कि राजधानी में प्रदूषण चरम पर है और इस पर तत्काल कार्रवाई की जरूरत है। प्रवीण कुमार ने आरोप लगाया कि सदन में विपक्ष के प्रदर्शन को महापौर और सत्ता पक्ष के सदस्यों ने गंभीरता से लेने के बजाय हंसी में उड़ा दिया। उन्होंने कहा कि जब सिविक सेंटर में लगी एंटी स्मॉग गन ही खराब पड़ी है तो शहर में प्रदूषण नियंत्रण के दावों पर सवाल उठना स्वाभाविक है।

आप पार्षदों ने सदन में कूड़ा प्रबंधन, स्कूलों की समस्याओं, कूड़ा उठाने वाली गाड़ियों और प्रदूषण जैसे मुद्दों पर चर्चा की मांग की। उन्होंने कहा कि विपक्ष सदन को सुचारु रूप से चलाना चाहता है, लेकिन जनता से जुड़े मुद्दों पर सरकार को जवाब देना होगा। वहीं, एमसीडी की सह प्रभारी प्रीति डोंगरा ने निगम कार्यालय में भाजपा के प्रचार-प्रसार को लेकर सवाल उठाए।

उन्होंने आरोप लगाया कि एमसीडी का कार्यालय सरकारी संस्थान के बजाय भाजपा कार्यालय जैसा नजर आने लगा है। निगम परिसर में भाजपा के झंडे और प्रचार सामग्री लगी हुई है। उन्होंने सवाल किया कि क्या दिल्ली की जनता के पैसे का इस्तेमाल किसी राजनीतिक दल के प्रचार के लिए किया जाना चाहिए।

प्रीति डोंगरा ने कहा कि एक तरफ एमसीडी अपने कर्मचारियों को समय पर वेतन देने में असमर्थ है और दूसरी तरफ कर्मचारियों को अपनी सैलरी के लिए धरने पर बैठना पड़ रहा है। उन्होंने ओखला में दिवाली के दौरान वेतन की मांग को लेकर कर्मचारियों के प्रदर्शन का जिक्र करते हुए कहा कि निगम के पास कर्मचारियों को वेतन देने के लिए पर्याप्त पैसा नहीं है, लेकिन भाजपा के प्रचार के लिए संसाधनों की कमी नहीं दिखाई देती।

--आईएएनएस

पीकेटी/एएसएच

Share this story