Samachar Nama
×

दिल्ली में प्रदर्शन का असर: 5 हजार यात्रियों की ट्रेनें छूटीं, आईआईटी जोधपुर के 52 छात्र भी नहीं पहुंच सके स्टेशन

दिल्ली में प्रदर्शन का असर: 5 हजार यात्रियों की ट्रेनें छूटीं, आईआईटी जोधपुर के 52 छात्र भी नहीं पहुंच सके स्टेशन
दिल्ली में प्रदर्शन का असर: 5 हजार यात्रियों की ट्रेनें छूटीं, आईआईटी जोधपुर के 52 छात्र भी नहीं पहुंच सके स्टेशन

नई दिल्ली, 8 अक्टूबर (आईएएनएस)। राजधानी दिल्ली में मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर विपक्ष के लगातार चल रहे विरोध प्रदर्शनों का असर गुरुवार को आम लोगों और रेल यात्रियों पर भी देखने को मिला। रेलवे सूत्रों के मुताबिक, प्रदर्शन और उससे उत्पन्न भारी ट्रैफिक जाम के कारण करीब 5 हजार यात्री ट्रेनें नहीं पकड़ सके।

जानकारी के अनुसार, दोपहर 12 बजे के बाद नई दिल्ली और आसपास के इलाकों में यातायात बुरी तरह प्रभावित रहा। कई प्रमुख मार्गों पर लंबा जाम लगने के कारण बड़ी संख्या में यात्री समय पर रेलवे स्टेशनों तक नहीं पहुंच पाए, जिसके चलते उनकी ट्रेनें छूट गईं।

रेलवे सूत्रों ने बताया कि स्थिति का असर आईआरसीटीसी की कुछ ग्रुप बुकिंग्स पर भी पड़ा और कई यात्रियों को अपनी यात्रा रद्द करनी पड़ी।

ट्रैफिक जाम से प्रभावित यात्रियों में आईआईटी जोधपुर के छात्र भी शामिल रहे। जानकारी के मुताबिक, संस्थान के करीब 52 छात्रों की डिब्रूगढ़ राजधानी एक्सप्रेस छूट गई।

आईआईटी जोधपुर के अविनाश चौहान ने बताया कि उनके प्रतिनिधिमंडल में कुल करीब 56 लोग शामिल थे, जिन्हें ट्रेन संख्या 12424 डिब्रूगढ़ राजधानी एक्सप्रेस से यात्रा करनी थी। हालांकि, भारी जाम के कारण वे समय पर नई दिल्ली रेलवे स्टेशन नहीं पहुंच सके और ट्रेन छूट गई।

सूत्रों के अनुसार, सिर्फ डिब्रूगढ़ राजधानी ही नहीं, बल्कि मुंबई राजधानी एक्सप्रेस और दिल्ली-वाराणसी वंदे भारत एक्सप्रेस से यात्रा करने वाले कई यात्री भी समय पर स्टेशन नहीं पहुंच पाए और उनकी ट्रेनें छूट गईं।

डिब्रूगढ़ राजधानी एक्सप्रेस नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से शाम 4:20 बजे रवाना होती है और लगभग दो दिन बाद सुबह 6:20 बजे डिब्रूगढ़ पहुंचती है।

बता दें कि कांग्रेस के नेतृत्व में इंडिया गठबंधन लगातार तीसरे दिन भी चुनाव आयोग की विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं को लेकर विरोध प्रदर्शन कर रहा है।

लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और अन्य विपक्षी नेताओं ने गुरुवार को राजघाट पहुंचकर प्रदर्शन किया। विपक्ष मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहा है। विपक्षी दलों का आरोप है कि मतदाता सूची की विशेष गहन पुनरीक्षण प्रक्रिया में गड़बड़ियां हुई हैं, जबकि चुनाव आयोग ने इन आरोपों को खारिज किया है।

इस बीच, विभिन्न राजनीतिक संगठनों द्वारा प्रस्तावित आगामी प्रदर्शनों को देखते हुए राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी गई है। प्रदर्शन और यातायात अव्यवस्था के कारण सबसे अधिक परेशानी आम यात्रियों को झेलनी पड़ रही है।

--आईएएनएस

एएमटी/डीकेपी

Share this story

Tags