दिल्ली: किलोकरी गांव में मारपीट के बाद मणिपुरी म्यूजिक टीचर की मौत, हत्या का मामला दर्ज
नई दिल्ली, 7 सितंबर (आईएएनएस)। दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के आश्रम स्थित किलोकरी गांव में 54 वर्षीय मणिपुरी म्यूजिक टीचर चोंगथम विक्रम सिंह की कथित तौर पर मारपीट के बाद मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में हत्या की धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर सभी आरोपियों को पकड़ लिया है, जिनमें नाबालिग भी शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, 7 सितंबर को पीएस सनलाइट कॉलोनी में पीसीआर कॉल के माध्यम से किलोकरी गांव निवासी सी. विक्रम सिंह के साथ मारपीट की सूचना मिली। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की गई।
प्रारंभिक जांच में पता चला कि विक्रम सिंह एक सेवानिवृत्त संगीतकार और संगीत शिक्षक थे। उन्होंने अपने घर के सामने कथित तौर पर डिलीवरी बॉय और ढाबा कर्मचारियों द्वारा किए जा रहे शोर-शराबे और हंगामे का विरोध किया था।
बताया गया कि जब विक्रम सिंह नीचे आकर संबंधित लोगों से आपत्ति जताने लगे तो उनके साथ कथित तौर पर मारपीट की गई। आरोप है कि उन पर मुक्कों और अन्य प्रहारों से हमला किया गया, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं।
घटना के बाद उनका बेटा यैफाबा उन्हें उपचार के लिए होली फैमिली अस्पताल ले गया। इलाज के दौरान विक्रम सिंह ने दम तोड़ दिया।
पुलिस ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है और हमले तथा मौत की परिस्थितियों का पता लगाया जा रहा है। जांच के दौरान कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया गया था, जबकि बाद में सभी आरोपियों को पकड़ लिया गया, जिनमें नाबालिग भी शामिल हैं।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, विक्रम सिंह की मौत के बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए हत्या की धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। जांच एजेंसियां घटना से जुड़े सभी तथ्यों और जिम्मेदार व्यक्तियों की भूमिका की पड़ताल कर रही हैं।
पुलिस के मुताबिक, मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जांच के निष्कर्षों के आधार पर की जाएगी। वहीं, इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में भी रोष देखा जा रहा है।
--आईएएनएस
एएमटी/डीकेपी

