Samachar Nama
×

दिल्ली के मौर्य एनक्लेव में लड़की को लेकर हुए विवाद में हत्या, पुलिस ने चार नाबालिगों को पकड़ा

दिल्ली के मौर्य एनक्लेव में लड़की को लेकर हुए विवाद में हत्या, पुलिस ने चार नाबालिगों को पकड़ा
दिल्ली के मौर्य एनक्लेव में लड़की को लेकर हुए विवाद में हत्या, पुलिस ने चार नाबालिगों को पकड़ा

नई दिल्ली, 21 अक्टूबर (आईएएनएस)। नई दिल्ली की मौर्य एनक्लेव पुलिस ने हत्या के मामले में चार नाबालिगों को हिरासत में लिया है। इसी के साथ पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल किया गया हथियार को भी बरामद कर लिया है।

दरअसल, मंगलवार को मौर्य एनक्लेव पुलिस स्टेशन को एक पीसीआर कॉल मिली कि पीतमपुरा के क्यूयू ब्लॉक स्थित चौधरी डेयरी के पास किसी को चाकू मार दिया गया है। सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। घायलों को बीएसए अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने एक को मृत घोषित कर दिया, जिसकी पहचान अरुण के रूप में हुई है। वहीं, दूसरे मरीज की पहचान आशु के रूप में हुई है, जिसे चाकू लगने से चोटें आई है। वह अस्पताल में इलाजरत है।

जांच के दौरान पता चला कि यह घटना एक लड़की से जुड़े विवाद के कारण हुई थी। इस मामले को लेकर हुई बहस के बाद आरोपियों ने दोनों पीड़ितों पर खंजर से हमला कर दिया।

मौर्य एनक्लेव पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज की गई। पकड़े गए चार नाबालिगों में से एक की निशानदेही पर खून से सना एक खंजर भी बरामद किया गया है, जिसका इस्तेमाल वारदात में किया गया था।

पुलिस की ओर से इस मामले से संबंधित आगे की कार्रवाई और जांच जारी है।

चाकू से जानलेवा हमले की एक दूसरी घटना बुधवार को मुंबई से सामने आई, जहां पवई इलाके में गरबा खेलने जाने से नाराज पति ने पत्नी पर चाकू से हमला किया, जिससे महिला बुरी तरह घायल हो गई। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।

पीड़िता की पहचान वैशाली महेश रजत (30 वर्ष) के रूप में हुई है, जो गरबा खेलने गई थी। इसी बात से नाराज होकर पति महेश सुभाष रजत ( 35) ने उसके पेट में चाकू घोंप दिया और हत्या करने की कोशिश की।

--आईएएनएस

डीके/वीसी

Share this story

Tags