Samachar Nama
×

दिल्ली के इस अस्पलात में सीनियर रेजिडेंट बनने का अवसर, 13 जुलाई को वॉक-इन इंटरव्यू

दिल्ली के इस अस्पलात में सीनियर रेजिडेंट बनने का अवसर, 13 जुलाई को वॉक-इन इंटरव्यू
दिल्ली के इस अस्पलात में सीनियर रेजिडेंट बनने का अवसर, 13 जुलाई को वॉक-इन इंटरव्यू

नई दिल्ली, 10 जुलाई (आईएएनएस)। मेडिकल क्षेत्र से जुड़े लोगों के लिए एक शानदार अवसर सामने आया है। इंदिरा गांधी अस्पताल (आईजीएच), द्वारका ने अपने विभिन्न विभागों में सीनियर रेजिडेंट के रिक्त 13 पदों पर योग्य उम्मीदवारों की भर्ती के लिए एक ऑफिशियल नोटिफिकेशन जारी किया है।

इंदिरा गांधी अस्पताल में जिन विभागों में 13 सीनियर रेजिडेंट पदों पर भर्ती निकली है, उनमें मेडिसिन में 3, एनेस्थीसिया में 4, जनरल सर्जरी में 2, ऑर्थोपेडिक्स में 2, ऑप्थल्मोलॉजी में 1 और रेडियो-डायग्नोसिस में 1 पद शामिल हैं।

सीनियर रेजिडेंट के इन पदों पर योग्य उम्मीदवारों की नियुक्ति वॉक-इन इंटरव्यू और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी 67,700 से 2,08,700 रुपए के बीच प्रति माह होगी। इसी के साथ कैंडिडेट्स को अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे।

इंटरव्यू में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से एमडी/डीएनबी/डिप्लोमा होना चाहिए। इसके साथ ही उम्मीदवार का इंटरव्यू वाले दिन या उससे पहले दिल्ली मेडिकल काउंसिल में रजिस्टर्ड होना जरूरी है (एमबीबीएस और जरूरी पोस्टग्रेजुएट क्वालिफिकेशन के साथ)। इसी के साथ अभ्यर्थियों के पास इंटरव्यू की तारीख पर वैलिड डीएमसी सर्टिफिकेट होना चाहिए या उन्होंने अपनी पीजी डिग्री/डिप्लोमा के लिए डीएमसी में अप्लाई किया हो और उसकी रसीद उनके पास होनी चाहिए।

आवेदकों की अधिकतम आयु 45 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना इंटरव्यू की तारीख के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।

वॉक-इन इंटरव्यू 13 जुलाई को 'सेमिनार रूम बी6317, 5वीं मंजिल, एडमिन ब्लॉक, आईजीएच द्वारका' पते पर आयोजित किए जाएंगे। इसी दिन इंटरव्यू शुरू होने से पहले उम्मीदवारों का रजिस्ट्रेशन सुबह 9.30 बजे से दोपहर 12 बजे तक किया जाएगा और इंटरव्यू प्रक्रिया सुबह 10 बजे से शुरू हो जाएगी।

ऐसे में जो उम्मीदवार साक्षात्कार में शामिल होने वाले हैं, उन्हें समय से केंद्र पर पहुंचने के अलावा अपने साथ भरे हुए आवेदन पत्र की हार्ड कॉपी, सभी संबंधित डॉक्यूमेंट्स की मूल और फोटोकॉपी को साथ ले जाने की सलाह दी जाती है।

आवेदन पत्र डाउनलोड करने के लिए उम्मीदवार सबसे पहले आईजीएच-द्वारका की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। होमपेज पर जाने के बाद संबंधित पोस्ट के लिए जारी अधिसूचना लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद नोटिफिकेशन में दिए गए एप्लीकेशन फॉर्म को डाउनलोड कर उसका प्रिंट आउट निकाल लें। फिर फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियों को दर्ज करें और याद से इंटरव्यू के दिन केंद्र पर ले जाएं।

बता दें कि आईजीएच की ओर से यह नियुक्ति शुरू में 89 दिनों के लिए 'एडहॉक' (अस्थायी) आधार पर या नियमित कर्मचारी के कार्यभार संभालने तक, इनमें से जो भी पहले हो के लिए होगी।

--आईएएनएस

डीके/एबीएम

Share this story

Tags