Samachar Nama
×

दिल्ली: कल्याणपुरी में सफाई कर्मचारी की चाकू मारकर हत्या, भाजपा विधायक ने पीड़ित परिवार को दिया न्याय का भरोसा

दिल्ली: कल्याणपुरी में सफाई कर्मचारी की चाकू मारकर हत्या, भाजपा विधायक ने पीड़ित परिवार को दिया न्याय का भरोसा
दिल्ली: कल्याणपुरी में सफाई कर्मचारी की चाकू मारकर हत्या, भाजपा विधायक ने पीड़ित परिवार को दिया न्याय का भरोसा

नई दिल्ली, 16 अगस्त (आईएएनएस)। दिल्ली के कल्याणपुरी इलाके में ड्यूटी के दौरान दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के एक सफाई कर्मचारी की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि सीसीटीवी में आरोपी को सफाई कर्मचारी पर चाकू से हमला करते हुए देखा गया। फिलहाल, दिल्ली पुलिस की टीम हमलावर का पता लगाने के लिए फुटेज और अन्य सबूतों की जांच कर रही है।

मृतक की पहचान 24 वर्षीय अनिल कुमार के तौर पर हुई है, जो एमसीडी में सफाई कर्मचारी थे। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, रविवार सुबह करीब 7 बजे अनिल कल्याणपुरी में अपनी ड्यूटी कर रहे थे, तभी उन पर चाकू से हमला किया गया।

घटना के बाद आरोपी मौके से भाग गया। सीसीटीवी में देखा गया कि आरोपी ने चाकू ले रखा था और उसने सफाई कर्मचारी अनिल के चाकू मार दिया, जहां उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपी को पकड़ने के लिए कई टीमें बनाईं।

इस घटना के बाद भाजपा विधायक रविकांत मौके पर पहुंचे। उन्होंने आईएएनएस से बात करते हुए कहा कि यह बेहद दुखद घटना है। यह सच्चाई है कि जब पूरी दिल्ली सो रही होती है, तो उसे जगाने का काम यही कर्मचारी करते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि हम पीड़ित परिवार के साथ खड़े हैं।

भाजपा विधायक ने बताया कि जिस व्यक्ति ने वारदात को अंजाम दिया है, उसकी पहचान की जा चुकी है। उस पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। विधायक रविकांत ने आगे कहा, "मैंने सीसीटीवी देखा है। अनिल अपना काम कर रहा था। आरोपी ने अचानक आकर हमला किया।"

वहीं, आम आदमी पार्टी के विधायक कुलदीप कुमार ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा, "कल्याणपुरी में एक सफाई कर्मचारी की खुलेआम हत्या कर दी गई। क्या कल्याणपुरी अपराध की राजधानी बन गई है? पूरी दिल्ली में हत्याएं हो रही हैं।"

उन्होंने कहा, "एक सफाई कर्मचारी जो अपना काम करता है, उसके परिवार की हालत के बारे में सोचिए। जब ​​वह कचरा उठाता है, तो ऐसा इसलिए नहीं करता कि उसे यह काम पसंद है। आर्थिक हालात की वजह से उसे कोई और नौकरी नहीं मिलती, इसलिए उसे कचरा उठाना पड़ता है। उसकी हत्या कर दी गई है।"

कुलदीप कुमार ने कहा कि हमने पुलिस से मांग की है कि तुरंत प्रभाव से आरोपी व्यक्ति का एनकाउंटर कराया जाए, ताकि मिसाल पेश हो और कोई ऐसी वारदात को अंजाम न दे सके। उन्होंने यह भी मांग की कि पीड़ित परिवार को मुआवजा और किसी सदस्य को नौकरी दी जानी चाहिए।

--आईएएनएस

डीसीएच/

Share this story

Tags