Delhi India Biennale 2026: 4 दिसंबर से शुरू होगा 108 दिन का कला महोत्सव, लाल किले से कुतुब मीनार तक दिखेगी भारतीय संस्कृति की झलक
देश की कला, संस्कृति और रचनात्मकता को वैश्विक मंच पर पहचान दिलाने के लिए दिल्ली में 'भारत बिएनाले 2026' का आयोजन होने जा रहा है। 4 दिसंबर 2026 से शुरू होने वाला यह महोत्सव 21 मार्च 2027 तक चलेगा। कुल 108 दिनों तक चलने वाले इस आयोजन में देश-विदेश के कलाकारों को अपनी कला प्रदर्शित करने का मौका मिलेगा। इसे वेनिस बिएनाले की तर्ज पर तैयार किया जा रहा है, ताकि दिल्ली को अंतरराष्ट्रीय कला और सांस्कृतिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनाया जा सके।इस आयोजन को लेकर जनसेवा सदन में समीक्षा बैठक हुई। इसमें केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता शामिल हुईं। बैठक में 'भारत बिएनाले 2026 (तत् त्वम् असि)' की तैयारियों पर चर्चा की गई। मुख्यमंत्री ने संबंधित विभागों को आपसी तालमेल के साथ काम करने, समय सीमा तय करने और जरूरी व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए।
22 से ज्यादा ऐतिहासिक जगहों पर होंगे कार्यक्रम
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के मुताबिक, भारत बिएनाले 2026 को कला, वास्तुकला और डिजाइन के क्षेत्र में देश के बड़े आयोजनों में शामिल करने की तैयारी है। इसके तहत दिल्ली के 22 से ज्यादा ऐतिहासिक स्मारकों, संग्रहालयों, आर्ट गैलरी, सांस्कृतिक संस्थानों और सार्वजनिक स्थलों पर अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इस आयोजन का मुख्य केंद्र पुराना किला होगा। इसके अलावा लाल किला, कुतुब मीनार, हुमायूं का मकबरा, सफदरजंग मकबरा, लोधी गार्डन, महरौली, हौज खास और अग्रसेन की बावली जैसे ऐतिहासिक स्थल भी इसका हिस्सा बनेंगे।
वहीं, राष्ट्रीय संग्रहालय, नेशनल गैलरी ऑफ मॉडर्न आर्ट, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र और ललित कला अकादमी सहित कई प्रमुख सांस्कृतिक संस्थानों में भी कला से जुड़ी गतिविधियां आयोजित होंगी।
पारंपरिक कला से लेकर फोटोग्राफी तक दिखेगी झलक
भारत बिएनाले में देश की विविध कलात्मक परंपराओं को प्रदर्शित किया जाएगा। इसमें दुर्लभ कला संग्रह, पारंपरिक कलाओं और फोटोग्राफी से जुड़ी प्रस्तुतियों को विशेष जगह मिलेगी। आयोजन का उद्देश्य भारतीय कला और संस्कृति के अलग-अलग रूपों को देश-दुनिया के सामने लाना है।
तैयारियों को व्यवस्थित करने के लिए मुख्यमंत्री ने शहरी विकास विभाग के सचिव को नोडल अधिकारी नियुक्त करने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही अलग-अलग विभागों में संपर्क अधिकारियों को नामित किया जाएगा, ताकि सभी व्यवस्थाओं के बीच बेहतर तालमेल बना रहे।
देशभर से चुने गए 108 युवा कलाकार
इस बिएनाले का एक खास हिस्सा 'स्टूडेंट बिएनाले' भी होगा। इसके लिए देशभर से 108 युवा कलाकारों का चयन किया गया है। शिक्षा विभाग और दिल्ली के विश्वविद्यालयों को निर्देश दिए गए हैं कि वे इस आयोजन से ज्यादा से ज्यादा विद्यार्थियों को जोड़ें।
विद्यार्थियों के लिए अकादमिक टूर आयोजित किए जाएंगे। इसके अलावा उन्हें स्वयंसेवक के रूप में गाइड और होस्ट की जिम्मेदारी भी दी जाएगी। इससे युवाओं को कला, संस्कृति और ऐतिहासिक विरासत को करीब से समझने का अवसर मिलेगा।
PPP मॉडल पर आयोजित होगा भारत बिएनाले 2026
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बताया कि भारत बिएनाले 2026 को पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मॉडल पर तैयार किया जा रहा है। इसमें सरकार के साथ कॉरपोरेट कंपनियां, सांस्कृतिक संस्थान, फाउंडेशन, कलाकार, संग्रहालय, आर्ट गैलरी और अंतरराष्ट्रीय साझेदार मिलकर काम करेंगे।
इस आयोजन के जरिए दिल्ली को वैश्विक कला मानचित्र पर मजबूत पहचान दिलाने की कोशिश की जा रही है। 4 दिसंबर से शुरू होकर 21 मार्च 2027 तक चलने वाला यह महोत्सव भारतीय कला, ऐतिहासिक विरासत और आधुनिक रचनात्मकता को एक मंच पर लाएगा।

