दिल्ली: गोकलपुरी इलाके में गोलीबारी, एक की मौत, महिला बुरी तरह घायल
नई दिल्ली, 11 सितंबर (आईएएनएस)। उत्तर-पूर्वी दिल्ली के गोकलपुरी पुलिस स्टेशन इलाके में शुक्रवार को गोली चलने की एक घटना सामने आई है, जिसमें एक युवक की मौत और एक महिला बुरी तरह घायल हो गई। गोकलपुरी पुलिस स्टेशन को सुबह गली नंबर 1, 30-फुट रोड, शिव मंदिर के पास जौहरीपुर में गोली चलने की घटना की सूचना मिली। बताया गया कि इसमें एक महिला के पैर में गोली लगी थी।
सूचना मिलने पर एसएचओ, गोकलपुरी पुलिस स्टाफ के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। हालांकि, इससे पहले ही घायल महिला राजवती को इलाज के लिए राजीव गांधी सरकारी अस्पताल ले जाया जा चुका था। वहीं, इस घटना में घर की पहली मंजिल पर एक कमरे में लीला राम के बेटे नीरज (32 वर्ष) को खून से लथपथ हालत में पाया गया और पास ही एक रिवॉल्वर पड़ी मिली।
घटना की शुरुआती जांच में पता चला कि रिवॉल्वर का लाइसेंस मृतक नीरज के पिता के नाम पर था। वहीं, घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया और घटना वाली जगह से जरूरी सबूत इकट्ठा किए गए।
घर में रहने वालों के बयानों के अनुसार, नीरज ने कमरा अंदर से बंद कर लिया था। गोली चलने की आवाज सुनकर वे कमरे तक पहुंचे, दरवाजा तोड़ा तो नीरज को जमीन पर घायल हालत में पाया। इस बीच, राजीव गांधी सरकारी अस्पताल में घायल राजवती (48 वर्ष, पत्नी डिंपल, निवासी गली नंबर 1, जौहरीपुर एक्सटेंशन) को दाहिने पैर में गोली लगने के कारण भर्ती पाया गया।
पूछताछ के दौरान, राजवती ने बताया कि उसका घर नीरज के घर से सटा हुआ है। सुबह लगभग 7 से 7:15 बजे के बीच नीरज ने उसे फोन किया और मिट्टी का बर्तन (हांडी) मांगा, क्योंकि उसका परिवार मिट्टी के बर्तन बेचने का काम करता है। जब वह उससे बात कर रही थी और अपने घर की पहली मंजिल की ओर सीढ़ियां चढ़ रही थी तो नीरज ने कथित तौर पर उस पर गोली चलाई, जिससे उसके दाहिने पैर में गोली लग गई।
इसके अनुसार, पुलिस स्टेशन गोकलपुरी में धारा 109(1) बीएनएस के तहत एफआईआर दर्ज की गई और जांच शुरू की गई। वहीं, मृतक नीरज के शव को पोस्टमार्टम के लिए जीटीबी अस्पताल भेजा गया।
जांच के दौरान पता चला कि नीरज के घर की बालकनी से राजवती के घर की सीढ़ियां साफ दिखती थीं। शुरुआती जांच और अब तक सामने आए तथ्यों के आधार पर ऐसा लगता है कि नीरज ने पहले राजवती पर गोली चलाई और फिर रिवॉल्वर से खुद के सिर में गोली मार ली, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, पुलिस की ओर से इस मामले से संबंधित आगे की जांच जारी है।
--आईएएनएस
डीके/डीकेपी

