Samachar Nama
×

दिल्ली : द्वारका साइबर पुलिस का बड़ा एक्शन, फर्जी इंटरनेशनल कॉल सेंटर का भंडाफोड़, 20 गिरफ्तार

दिल्ली : द्वारका साइबर पुलिस का बड़ा एक्शन, फर्जी इंटरनेशनल कॉल सेंटर का भंडाफोड़, 20 गिरफ्तार
दिल्ली : द्वारका साइबर पुलिस का बड़ा एक्शन, फर्जी इंटरनेशनल कॉल सेंटर का भंडाफोड़, 20 गिरफ्तार

नई दिल्ली, 16 नवंबर (आईएएनएस)। संगठित साइबर फ्रॉड के खिलाफ बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए द्वारका साइबर पुलिस स्टेशन की टीम ने पालम एक्सटेंशन, द्वारका से चल रहे एक फर्जी इंटरनेशनल बायर कॉल सेंटर का पर्दाफाश किया है। यह गिरोह देश भर के निर्माताओं और व्यापारियों को उनके सामान के लिए अंतरराष्ट्रीय खरीदार दिलाने का झांसा देकर ठगी कर रहा था।

इस ऑपरेशन में फर्म के रजिस्टर्ड मालिक और ऑपरेटिंग मैनेजर समेत कुल 20 लोगों को पकड़ा गया है। साथ ही, 34 मोबाइल फोन, 8 लैपटॉप, 14 सीपीयू, फर्जी सर्टिफिकेट और चेक बुक बरामद किए गए हैं। यह कार्रवाई टीम की बेहतरीन लगन, सटीक खुफिया जानकारी और त्वरित कार्रवाई का परिणाम है।

एनसीआरपी पोर्टल पर साइबर अपराध के डेटा का विश्लेषण करने पर पता चला कि साइबर अपराधी एक संगठित तरीके से काम कर रहे थे। वे ठगी की रकम को जिले की बैंक शाखाओं में खोले गए म्यूल अकाउंट में जमा करवा रहे थे।

महाराष्ट्र से आई एक एनसीआरपी शिकायत में, एक फर्म के नाम पर खुले इंडसइंड बैंक खाते का जिक्र मिला। एसआई विकास सांगवान के नेतृत्व में हेड कांस्टेबल (एचसी) रवि डागर और कांस्टेबल नरेश की एक टीम ने खाताधारक की पहचान करने के लिए जांच शुरू की। काफी मेहनत और गहन पड़ताल के बाद टीम ने इस खाते से जुड़े कार्यालय का पता पालम एक्सटेंशन, सेक्टर-07, द्वारका में लगाया। वहां एक पूरा फर्जी कॉल सेंटर चल रहा था, जिसमें 20 लोग मोबाइल फोन, कंप्यूटर सिस्टम और लैपटॉप पर काम कर रहे थे।

इसके आधार पर द्वारका के साइबर पुलिस स्टेशन में बीएनएस की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। यह गिरोह गूगल लिस्टिंग और कैंपेन, बी2बी पोर्टल और सोशल मीडिया के जरिए निर्माताओं और व्यापारियों को निशाना बनाता था। उन्हें विदेशी खरीदार दिलाने का वादा करके पेड मेंबरशिप प्लान, 5,900 रुपए प्लस जीएसटी और अन्य प्लान में शामिल कर लेता था।

मेंबरशिप लेने के बाद पीड़ित को एक तथाकथित विदेशी खरीदार का व्हाट्सएप नंबर दिया जाता था। असल में वह उसी ऑफिस का एक कर्मचारी होता था, जो विदेशी मोबाइल नंबरों का इस्तेमाल करके चैट करता था। यह फर्जी खरीदार पीड़ित को एक बड़ा एक्सपोर्ट ऑर्डर दिलाने का लालच देता था और फिर आईएसओ, जीएमपी, बीआरसी, आईईसी या फूड सेफ्टी जैसे सर्टिफिकेट की मांग करता था। ऑर्डर हाथ से निकल जाने के डर से पीड़ित इन सर्टिफिकेट के लिए उसी कंपनी से संपर्क करता था।

कंपनी लाखों रुपए की भारी फीस वसूलती थी और फर्जी सर्टिफिकेट दे देती थी। इसके बाद वह फर्जी खरीदार एक और सर्टिफिकेट की मांग करता था, और इस तरह पीड़ितों को बार-बार ठगा जाता था।

कॉल सेंटर में इस्तेमाल हो रहे डिवाइस की जांच की गई, कर्मचारियों से पूछताछ की गई और एनसीआरपी पोर्टल पर डेटा का सत्यापन किया गया। महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश से मिली शिकायतें कंपनी के इंडसइंड बैंक और एक्सिस बैंक खातों से और कॉल सेंटर से मिले एक मोबाइल नंबर से जुड़ी पाई गईं।

जांच में पता चला कि यह फर्म एक ऐसे व्यक्ति के नाम पर रजिस्टर्ड थी, जिसने मासिक भुगतान के बदले अपना अकाउंट किराए पर दिया था। वहीं, पूरा कामकाज एक ऑपरेटिंग मैनेजर द्वारा चलाया जा रहा था, जिसने सेल्स, सपोर्ट/बायर कनेक्ट, फर्जी खरीदार और आईटी जैसी अलग-अलग टीमें बना रखी थीं।

पुलिस अब इस गिरोह के अन्य सदस्यों और ठगी की कुल रकम का पता लगाने में जुटी है।

--आईएएनएस

एससीएच/एबीएम

Share this story

Tags