Samachar Nama
×

दिल्ली: दयालपुर में 3.5 लाख रुपए की डकैती के मामले में फरार आरोपी गिरफ्तार, पिस्तौल बरामद

दिल्ली: दयालपुर में 3.5 लाख रुपए की डकैती के मामले में फरार आरोपी गिरफ्तार, पिस्तौल बरामद
दिल्ली: दयालपुर में 3.5 लाख रुपए की डकैती के मामले में फरार आरोपी गिरफ्तार, पिस्तौल बरामद

नई दिल्ली, 26 सितंबर (आईएएनएस)। नॉर्थ-ईस्ट डिस्ट्रिक्ट के स्पेशल स्टाफ ने डकैती के एक सनसनीखेज मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए फरार चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी को हरियाणा के आईएमटी मानेसर इलाके से पकड़ा गया है और उसकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल की गई देसी पिस्तौल भी बरामद हुई है।

पुलिस के अनुसार, 2 अगस्त 2026 को दयालपुर के सेरपुर चौक के पास डकैती की वारदात हुई थी। शिकायतकर्ता रवि सिंह जादौन और उनके कर्मचारी मोहित से 4-5 बदमाशों ने देसी पिस्तौल दिखाकर करीब 3.50 लाख रुपए और दो मोबाइल फोन लूट लिए थे।

इस मामले में दयालपुर थाने में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। जांच के दौरान पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया था, जिसमें एक बाल अपचारी (सीसीएल) और शिकायतकर्ता का एक कर्मचारी भी शामिल था। उनके पास से 15,000 रुपए बरामद किए गए थे लेकिन इस वारदात में मोटरसाइकिल का इस्तेमाल करने वाले दो आरोपी फरार चल रहे थे।

फरार आरोपियों की तलाश के लिए नॉर्थ-ईस्ट डिस्ट्रिक्ट के स्पेशल स्टाफ की टीम ने खास खुफिया जानकारी जुटाई और लगातार तकनीकी निगरानी रखी। इसी कड़ी में 24 सितंबर को स्पेशल स्टाफ की टीम ने एक विशेष ऑपरेशन चलाकर फरार आरोपी मन्नू उर्फ ऋषि (उम्र 24 साल) को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी मन्नू गामरी एक्सटेंशन, भजनपुरा, दिल्ली का रहने वाला है। पुलिस कस्टडी रिमांड के दौरान उसकी निशानदेही पर पुलिस ने एक देसी पिस्तौल बरामद की है।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी मन्नू उर्फ ऋषि पहले से ही अपराधी प्रवृत्ति का है। उसके खिलाफ हत्या की कोशिश और आर्म्स एक्ट से जुड़े 3 मामले पहले से दर्ज हैं। इस मामले में अभी एक और आरोपी फरार है, जिसकी तलाश जारी है। बाकी फरार आरोपियों को पकड़ने के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और आगे की जांच जारी है।

--आईएएनएस

एससीएच/वीसी

Share this story

Tags