दिल्ली पुलिस ने मर्डर केस में फरार चल रहे आरोपी को किया गिरफ्तार
नई दिल्ली, 13 जून (आईएएनएस)। दिल्ली के शाहबाद डेयरी पुलिस स्टेशन की क्राइम ब्रांच ने एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए हत्या के मामले में वांछित एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। यह आरोपी कोर्ट से गैर-जमानती वारंट जारी होने के बावजूद फरार चल रहा था।
आरोपी दिल्ली के शाहबाद डेयरी पुलिस स्टेशन के एक मर्डर केस में वांछित था, जिसे लेकर न्यायालय द्वारा आरोपी के खिलाफ पहले ही गैर जमानती वारंट जारी किए जा चुके थे। हालांकि, अपराधी गिरफ्तारी से बच रहा था और पकड़े जाने से बचने के लिए लगातार अपनी जगह बदल रहा था। इस मामले में क्राइम ब्रांच की पुरम टीम ने खास जानकारी जुटाई और आरोपी पर लगातार मैनुअल व तकनीकी निगरानी रखी। लगातार निगरानी और गुप्त सूचना के आधार पर आरोपी को रोहिणी से सफलतापूर्वक गिरफ्तार कर लिया गया।
क्राइम ब्रांच की पुरम टीम ने एक खतरनाक वांछित अपराधी अंशु उर्फ आकाश (21) को गिरफ्तार कर बड़ी कामयाबी हासिल की है। वह दिल्ली के शाहबाद डेयरी पुलिस स्टेशन के मर्डर केस में वांछित था और कोर्ट ने उसके खिलाफ एनबीडब्लू जारी किया था।
हत्या के आरोप में फरार चल रहे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए एक समर्पित टीम बनाई गई। इस टीम का नेतृत्व इंस्पेक्टर राकेश शर्मा ने किया और इसमें एसआई अशोक कुमार, एसआई सौरभ, एसआई नरेंद्र, एसआई यतेंद्र, एएसआई विकास, हेड कांस्टेबल संदीप, हेड कांस्टेबल दिनेश, हेड कांस्टेबल संजय, हेड कांस्टेबल इरशाद, हेड कांस्टेबलरविंदर, हेड कांस्टेबल भाग सिंह, हेड कांस्टेबल सुखबीर, हेड कांस्टेबल राहुल और हेड कांस्टेबल सत्यवान शामिल थे।
यह टीम एसीपी/एनडीआर उमेश बर्थवाल की सीधी देखरेख में काम कर रही थी। कई महीनों की लगातार मैनुअल और टेक्निकल निगरानी के बाद, टीम ने अंशु उर्फ आकाश के ठिकाने का पता लगाया। टीम को मिली खास जानकारी के आधार पर, नई दिल्ली के रोहिणी इलाके में एक रणनीतिक छापेमारी की गई, जिसमें वांछित आरोपी अंशु उर्फ आकाश को सफलतापूर्वक गिरफ्तार कर लिया गया।
यह पूरा मामला 23 मई का है जब महादेव चौक, शाहबाद डेयरी में चाकू मारने की घटना की सूचना मिली थी। घायल नारायण दत्त (निवासी गुप्ता कॉलोनी, प्रहलादपुर, दिल्ली, उम्र 31 वर्ष) को इलाज के लिए एमवी अस्पताल, पूठ खुर्द में भर्ती कराया गया था। इस मामले में घायल पर कई धारदार हथियारों से चोट लगने का जिक्र था।
बाद में घायल की नाजुक स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए सफदरजंग अस्पताल, दिल्ली रेफर कर दिया, जहां गंभीर चोटों के कारण उसकी मौत हो गई। मामले की जांच में घटनास्थल के पास सीसीटीवी कैमरों के दौरान तीन लड़कों को मृतक पर हमला करते हुए देखा गया और उनकी पहचान सूरज, मनीष और अंशु उर्फ आकाश के रूप में की गई। सह-आरोपी सूरज और मनीष को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।
बता दें कि आरोपी अंशु उर्फ आकाश का जन्म शाहबाद डेयरी, दिल्ली में हुआ था। वह 8वीं पास है और फोटोग्राफर का काम करता है। उसके पिता रिक्शा चालक हैं और उसकी मां का निधन हो चुका है।
--आईएएनएस
डीके/पीएम

