Samachar Nama
×

दिल्ली सीएम रेखा गुप्ता और राजस्थान डिप्टी सीएम दीया कुमारी सहित कई नेताओं ने मनाया रक्षाबंधन का त्योहार

दिल्ली सीएम रेखा गुप्ता और राजस्थान डिप्टी सीएम दीया कुमारी सहित कई नेताओं ने मनाया रक्षाबंधन का त्योहार
दिल्ली सीएम रेखा गुप्ता और राजस्थान डिप्टी सीएम दीया कुमारी सहित कई नेताओं ने मनाया रक्षाबंधन का त्योहार

नई दिल्ली, 27 अगस्त (आईएएनएस)। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने गुरुवार को बच्चों के साथ रक्षाबंधन का त्योहार मनाया। राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी, हरियाणा भाजपा अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता और बिहार भाजपा अध्यक्ष संजय सरावगी ने भी रक्षाबंधन का त्योहार मनाया।

सीएम रेखा गुप्ता ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट कर लिखा, "बच्चों के बीच त्योहारों की खुशी कुछ और ही होती है। आज दिल्ली के अलग-अलग हिस्सों से आए मेरे प्यारे लिटिल फ्रेंड्स के साथ रक्षाबंधन मनाया।"

उन्होंने आगे लिखा, "इन्होंने बहुत प्यार से बहुत सारी राखियां बांधीं, जमकर मिठाई खिलाई और फिर शुरू हुई अनलिमिटेड बातें, हंसी और ढेर सारी शरारतें। मेरे बच्चों, तुम्हारा यह प्यार मेरे लिए किसी आशीर्वाद से कम नहीं। तुम्हारी मुस्कान हमेशा यूं ही खिलती रहे, तुम्हारे सपनों को हर अवसर मिले और दिल्ली तुम्हारे लिए हमेशा सुरक्षित और संभावनाओं से भरी रहे। आज कलाई पर बहुत सारी राखियां हैं और दिल में तुम सबका ढेर सारा प्यार।"

राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने भी राजस्थान प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़, प्रदेश संगठन महामंत्री अजीत कुमार और उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा को राखी बांधी।

उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट कर लिखा, "गुरुवार को भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़, प्रदेश संगठन महामंत्री अजीत कुमार एवं राजस्थान के उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा को रक्षा सूत्र बांधकर उनके उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु की मंगलकामना की। ईश्वर से प्रार्थना है कि आप सदैव स्वस्थ एवं प्रसन्न रहें तथा संगठन और राष्ट्रसेवा के पथ पर निरंतर मार्गदर्शन प्रदान करते रहें।"

हरियाणा भाजपा अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने लिखा, "रक्षाबंधन के पावन अवसर पर भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य राम मेहर मलिक, राम भतेरी एवं ऋषिपाल रावल तथा पूर्व मंडल अध्यक्ष, मतलौडा सोमबीर मलिक को रक्षासूत्र बांधकर उनके उत्तम स्वास्थ्य, सुख-समृद्धि एवं दीर्घायु की मंगलकामना की। भाई-बहन के स्नेह और विश्वास का यह पावन पर्व सभी के जीवन में खुशियां एवं नई ऊर्जा लेकर आए।

बिहार भाजपा अध्यक्ष संजय सरावगी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "आज पटना स्थित आवास पर प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय की ब्रह्माकुमारी स्नेहा बहन एवं बी.के. सावित्री माता ने रक्षाबंधन के पावन अवसर पर राखी बांधी। बहनों से मिले स्नेह एवं शुभाशीष के लिए हृदय से आभार।

--आईएएनएस

एसडी/डीकेपी

Share this story

Tags