Samachar Nama
×

Delhi Census 2027: 25 जनवरी से घर-घर जाकर होगी जनगणना, पहली बार दर्ज होगी जाति की जानकारी; जानें पूरा शेड्यूल

Delhi Census 2027: 25 जनवरी से घर-घर जाकर होगी जनगणना, पहली बार दर्ज होगी जाति की जानकारी; जानें पूरा शेड्यूल

दिल्ली में साल 2027 में जनगणना की प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। इसके तहत 25 जनवरी से 28 फरवरी 2027 तक जनगणना कर्मचारी घर-घर जाकर लोगों की जानकारी जुटाएंगे। खास बात यह है कि इस बार लोगों को स्व-गणना यानी सेल्फ एन्यूमरेशन की सुविधा भी मिलेगी। इसके लिए 10 से 24 जनवरी तक का समय निर्धारित किया गया है। इस दौरान लोग खुद ऑनलाइन अपने और परिवार के सदस्यों की जानकारी दर्ज कर सकेंगे।इसके बाद 1 से 5 मार्च 2027 तक दर्ज की गई जानकारी में संशोधन का अवसर मिलेगा। इस जनगणना में पहली बार जाति से जुड़ी जानकारी भी जुटाई जाएगी।

गृह मंत्रालय के नोटिफिकेशन के बाद तय हुआ कार्यक्रम

राजस्व विभाग की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार, केंद्रीय गृह मंत्रालय ने 28 अक्टूबर को जनगणना से संबंधित नोटिफिकेशन जारी किया था। इसके आधार पर दिल्ली में जनगणना का कार्यक्रम निर्धारित किया गया है।

जनगणना के लिए कटऑफ डेट 1 मार्च 2027 की रात 12 बजे तय की गई है। यानी इसी समय को आधार मानकर आबादी से जुड़े आंकड़े तैयार किए जाएंगे। इस तारीख और समय तक जन्म लेने वाले बच्चों को जनगणना में शामिल किया जाएगा।

दिल्ली में 55 लाख परिवारों का रिकॉर्ड तैयार

जनगणना के पहले चरण में दिल्ली में मकानों की सूची तैयार करने का काम पूरा हो चुका है। यह प्रक्रिया इस साल 16 अप्रैल से 15 जून के बीच चली थी। इसके तहत दिल्ली के 13 जिलों में करीब 75.98 लाख मकानों और 54.98 लाख परिवारों का रिकॉर्ड तैयार किया गया।

आंकड़ों के मुताबिक, कुल 75,98,982 मकानों और 54,98,560 परिवारों को कवर किया गया। इस काम के लिए 45,863 हाउस लिस्टिंग ब्लॉक बनाए गए थे।

जनगणना के लिए खास ऐप का होगा इस्तेमाल

दिल्ली में जनगणना की तैयारियों के तहत कर्मचारियों और अधिकारियों का प्रशिक्षण कार्यक्रम अक्टूबर से शुरू हो चुका है। अलग-अलग स्तर पर जनगणना कर्मियों और उनके इंचार्ज को ट्रेनिंग दी जा रही है।

इस बार जनगणना के दौरान एक विशेष ऐप का इस्तेमाल किया जाएगा। लोगों से मकान, परिवार और व्यक्तिगत जानकारी से जुड़े 40 या उससे अधिक सवाल पूछे जा सकते हैं।

जाति के साथ सामाजिक और आर्थिक स्थिति की भी मिलेगी जानकारी

इस जनगणना की सबसे अहम बात जाति से संबंधित जानकारी जुटाना है। अधिकारियों के मुताबिक, आजादी के बाद पहली बार जनगणना में जाति से जुड़ा विवरण भी दर्ज किया जाएगा।

इसके अलावा लोगों की सामाजिक और आर्थिक स्थिति से संबंधित जानकारी भी एकत्र की जाएगी। लोगों से पूछा जाएगा कि वे मोबाइल, कंप्यूटर और इंटरनेट का इस्तेमाल करना जानते हैं या नहीं। साथ ही यह भी जानकारी ली जाएगी कि उन्होंने कभी अपना निवास स्थान बदला है या नहीं और वे मौजूदा पते पर कब से रह रहे हैं।इससे दिल्ली में दूसरे राज्यों और शहरों से आकर रहने वाले लोगों की संख्या और उनके रहने से जुड़े आंकड़े जुटाने में भी मदद मिलेगी।

Share this story

Tags