नई दिल्ली : अवैध शराब की बिक्री और तस्करी के आरोप में तीन गिरफ्तार, 102 क्वार्टर अवैध शराब बरामद
नई दिल्ली, 14 सितंबर (आईएएनएस)। उत्तर-पूर्वी दिल्ली में अवैध शराब की बिक्री और तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना हर्ष विहार और थाना दयालपुर की पुलिस टीमों ने अलग-अलग कार्रवाई करते हुए तीन शराब तस्करों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से कुल 102 क्वार्टर अवैध देसी शराब बरामद की गई है, जिसमें हरियाणा निर्मित शराब भी शामिल है।
पुलिस के अनुसार, थाना हर्ष विहार की टीम 13 सितंबर को मंडोली चुंगी इलाके में गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि खेड़ा कब्रिस्तान के पास एक युवक अवैध शराब बेच रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी प्रियांशु (20) निवासी मीत नगर को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास मौजूद प्लास्टिक के कट्टे की तलाशी लेने पर 180 एमएल की 65 क्वार्टर अवैध देसी शराब बरामद हुई।
इस संबंध में थाना हर्ष विहार में दिल्ली आबकारी अधिनियम की धारा 33 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
वहीं, थाना दयालपुर पुलिस ने भी दो अलग-अलग मामलों में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। पहले मामले में पुलिस को बृजपुरी पुलिया के पास अवैध शराब बिक्री की सूचना मिली। कार्रवाई करते हुए पुलिस ने वाजिद (28) निवासी न्यू मुस्तफाबाद को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से हरियाणा निर्मित 22 क्वार्टर देसी शराब बरामद हुई।
आरोपी के खिलाफ थाना दयालपुर में आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार वाजिद पहले चोरी और आर्म्स एक्ट से जुड़े सात मामलों में भी शामिल रह चुका है।
दूसरे मामले में थाना दयालपुर के हेड कांस्टेबल रविंदर कुमार ने गश्त के दौरान बृजपुरी पुलिया स्थित कूड़ा खत्ता इलाके के पास मोहम्मद वसीम (39) निवासी दयालपुर को पकड़ा। तलाशी के दौरान उसके पास से 15 क्वार्टर हरियाणा निर्मित अवैध देसी शराब बरामद हुई।
आरोपी के खिलाफ भी आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार वसीम पहले आबकारी अधिनियम के एक मामले में भी शामिल रह चुका है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि तीनों मामलों में कुल 102 क्वार्टर अवैध देसी शराब बरामद की गई है, जिनमें 37 क्वार्टर हरियाणा निर्मित शराब शामिल है। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामलों की आगे की जांच जारी है।
--आईएएनएस
एएमटी/एबीएम

