Samachar Nama
×

दिल्ली: 15 अगस्त से पहले फुल ड्रेस रिहर्सल, लाल किला-राजघाट के रास्ते बंद, बॉर्डर सील

दिल्ली: 15 अगस्त से पहले फुल ड्रेस रिहर्सल, लाल किला-राजघाट के रास्ते बंद, बॉर्डर सील
दिल्ली: 15 अगस्त से पहले फुल ड्रेस रिहर्सल, लाल किला-राजघाट के रास्ते बंद, बॉर्डर सील

नई दिल्ली, 13 अगस्त (आईएएनएस)। स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर गुरुवार को दिल्ली पुलिस राजधानी में फुल ड्रेस रिहर्सल करेगी। इसी के चलते सुबह से ही दिल्ली के संवेदनशील इलाकों, बॉर्डरों और लाल किले के आसपास सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। कई मार्गों को बंद कर ट्रैफिक डायवर्ट किया गया है और चेकिंग अभियान तेज कर दिया गया है।

आज गीता कॉलोनी से लाल किला और जामा मस्जिद की तरफ जाने वाले रास्तों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पूरे रूट पर बैरिकेडिंग की गई और हर आने-जाने वाले वाहन की गहन जांच की गई। आईटीओ से लाल किले की तरफ जाने वाले रास्ते और राजघाट की तरफ जाने वाले रास्ते को पूरी तरीके से बंद कर दिया गया है। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की तरफ से रूट डायवर्ट किया गया है।

शाहदरा जिले में सुरक्षा और सख्त है। शाहदरा के डीसीपी राजेंद्र प्रसाद मीणा ने बताया, "आज फुल ड्रेस रिहर्सल है। शाहदरा जिला एक बहुत संवेदनशील इलाका है। बॉर्डर के नजरिए से देखें तो उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले से सटे हमारे सात बॉर्डर पॉइंट हैं। इन पॉइंट्स पर कल रात 10 बजे से ट्रैफ़िक पूरी तरह बंद कर दिया गया था। हमने पूरे जिले में पिकेट बनाए हैं। हमारे मौजूदा स्थायी पिकेट के अलावा हमने अस्थायी पिकेट भी लगाए हैं।"

डीसीपी मीणा ने बताया कि लाल किले के पीछे के इलाके खासकर यमुना रिवरफ्रंट और खादर इलाके में चौबीसों घंटे पेट्रोलिंग की जा रही है। बाहरी फोर्स और स्थानीय स्टाफ दोनों का इस्तेमाल करके इलाके के हर हिस्से में बारीकी से तलाशी ली जा रही है। यह पक्का किया जा रहा है कि वहां कोई अनाधिकृत व्यक्ति न रहे।

उन्होंने कहा, "यमुना के पानी में नियमित रूप से नाव से पेट्रोलिंग की जा रही है और 15 अगस्त को सुरक्षा इंतजाम खत्म होने तक यह जारी रहेगी। हमने गीता कॉलोनी और काली नगर पुलिस स्टेशनों के अधिकार क्षेत्र को कवर करने के लिए दो नावें तैनात की हैं। इसके अलावा सभी ईआरवी यानी इमरजेंसी रिस्पॉन्स व्हीकल अपने-अपने इलाकों में लगातार गश्त कर रही हैं।"

आगामी 15 अगस्त को देखते हुए यूपी के नोएडा बॉर्डर से दिल्ली में आने-जाने वाले वाहनों की भी सघन तलाशी ली जा रही है। हर गाड़ी को रोककर कागजात और सामान चेक किया जा रहा है। संदिग्ध पाए जाने पर पूछताछ की जा रही है।

--आईएएनएस

पीआईएम/वीसी

Share this story

Tags