देहरादून: मसूरी के नाग मंदिर के पास जंगल में 22 वर्षीय युवक का शव मिला, जांच में जुटी पुलिस
मसूरी, 15 जुलाई (आईएएनएस)। देहरादून जिले के मसूरी में हाथीपांव रोड नाग मंदिर के पास जंगल में 22 वर्षीय युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई है। सूचना मिलते ही मसूरी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान देहरादून के रहने वाले सुमित पाल (22) के रूप में हुई है। सुमित 10 जुलाई से लापता था और उसकी गुमशुदगी नेहरू कॉलोनी थाने देहरादून में दर्ज कराई गई थी। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक वह अपनी बाइक से मसूरी आया था, लेकिन इसके बाद उसका कोई पता नहीं चल सका।
हाथीपांव रोड नाग मंदिर के पास बुधवार को जंगल में उसका शव मिलने के बाद पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, जिसकी रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वही शव को जगली जानवारों ने नुकसान पहुंचाया है। शव सडीगली हालत में बरामद किया गया है।
पुलिस का कहना है कि फिलहाल यह कहना जल्दबाजी होगी कि मामला दुर्घटना, आत्महत्या या हत्या का है। जांच के सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए पड़ताल की जा रही है। साथ ही यह भी जांच का विषय है कि सुमित पाल मसूरी किन परिस्थितियों में पहुंचा और उसकी मौत कैसे हुई?
पुलिस ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट व अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं घटना की सूचना परिजनों को दे दी गई।
वहीं, रुद्रप्रयाग जिले के बंदतोली संगम क्षेत्र में नदी में बहा 17 वर्षीय किशोर दूसरे दिन भी नहीं मिल पाया है। युवक की तलाश में एसडीआरएफ, डीडीआरएफ, जल पुलिस, पुलिस और राजस्व विभाग की टीमें लगातार सर्च अभियान चला रही हैं।
13 जुलाई की शाम ग्राम प्रधान गौंडार ने जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र को सूचना दी थी कि बंदतोली संगम के पास एक युवक नदी में बह गया है। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ, डीडीआरएफ, जल पुलिस, राजस्व विभाग और स्थानीय पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और स्थानीय ग्रामीणों के साथ खोजबीन शुरू की।
हालांकि, अंधेरा और खराब मौसम के कारण पहले दिन किशोर का कोई पता नहीं चल सका। 14 जुलाई को मौसम अनुकूल होने पर विभिन्न एजेंसियों ने पूरे दिन घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में सघन सर्च अभियान चलाया, लेकिन युवक का कोई सुराग नहीं मिला। लापता युवक की पहचान बिहार के दरभंगा जिले के रहने वाले 17 वर्षीय कुनाल पांडेय के रूप में हुई है। प्रशासन के अनुसार युवक की तलाश के लिए राहत एवं बचाव अभियान लगातार जारी है।
--आईएएनएस
एसडी/पीएम

