देहरादून: सीएम पुष्कर सिंह धामी ने पुल के एप्रोच रोड के पुनर्निर्माण कार्य का किया निरीक्षण
देहरादून, 10 अगस्त (आईएएनएस)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को सहसपुर के भाऊवाला में आयोजित महिला संवाद एवं सम्मान कार्यक्रम से लौटते समय प्रेमनगर स्थित नंदा की चौकी पुल के एप्रोच रोड के पुनर्निर्माण कार्य का निरीक्षण किया।
सीएम पुष्कर सिंह धामी ने मौके पर पहुंचकर पुनर्निर्माण कार्य की गुणवत्ता, सुरक्षा व्यवस्थाओं और यातायात संचालन की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों से निर्माण कार्य को लेकर विस्तृत जानकारी भी प्राप्त की।
नंदा की चौकी पुल का एप्रोच रोड क्षतिग्रस्त होने की सूचना मिलते ही राज्य सरकार ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित विभागों को राहत एवं पुनर्निर्माण कार्य शुरू करने के निर्देश दिए थे। मुख्यमंत्री के निर्देशन में युद्धस्तर पर कार्य करते हुए एप्रोच रोड का पुनर्निर्माण मात्र 12 घंटे के भीतर पूरा किया गया।
पुनर्निर्माण कार्य पूरा होने से क्षेत्र में यातायात व्यवस्था जल्द सामान्य हो सकी और आमजन को होने वाली असुविधा से राहत मिली। मुख्यमंत्री ने पुनर्निर्माण कार्य में लगे अधिकारियों, अभियंताओं और कार्मिकों के त्वरित एवं समर्पित प्रयासों की सराहना की।
बता दें कि एक दिन पहले सीएम पुष्कर सिंह धामी ने 15 अगस्त को 80वें स्वतंत्रता दिवस से पहले देहरादून में आयोजित 'हर घर तिरंगा' यात्रा में हिस्सा लिया था। उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा में देहरादून और इसके आसपास के लोगों ने बढ़-चढ़कर भागीदारी की है। ये इस बात का प्रमाण है कि देश की आन-बान-शान के लिए देवभूमि उत्तराखंड के लोग कभी पीछे नहीं हटे हैं।
इस दौरान उन्होंने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि यह तिरंगा यात्रा कोई सामान्य कार्यक्रम नहीं है। यह तिरंगा यात्रा न सिर्फ एक विशिष्ट यात्रा है, बल्कि यह हमारे राष्ट्र के गौरव के उत्सव की यात्रा है। सीएम धामी ने कहा कि यह जनसैलाब और सभी के हाथों लहराता हुआ हमारा राष्ट्रीय ध्वज इस बात का प्रतीक है कि राष्ट्रभक्ति की भावना देवभूमि के कण-कण में रची और बसी है। यह हर एक के सीने में विद्धमान है।
उन्होंने कहा, "यह तिरंगा 140 करोड़ भारतीयों की आन-बान-शान और स्वाभिमान का प्रतीक है। इसके केसरिया रंग में हमारे वीरों का साहस और त्याग है। इसके सफेद रंग में शांति और सत्य का संदेश है। हर रंग में हमारी समृद्धि और विकास की आशा है तो इसका अशोक चक्र हमें निरंतर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। जब तिरंगा आकाश में लहराता है तो हर भारतीय का सीना गर्व से चौड़ा हो जाता है।"
--आईएएनएस
डीकेपी/

