Samachar Nama
×

डीडीसीए ने सीनियर महिला टी20 ट्रॉफी के लिए किया 16 सदस्यीय टीम का ऐलान, सोनी यादव बनीं कप्तान

डीडीसीए ने सीनियर महिला टी20 ट्रॉफी के लिए किया 16 सदस्यीय टीम का ऐलान, सोनी यादव बनीं कप्तान
डीडीसीए ने सीनियर महिला टी20 ट्रॉफी के लिए किया 16 सदस्यीय टीम का ऐलान, सोनी यादव बनीं कप्तान

नई दिल्ली, 15 अक्टूबर (आईएएनएस)। दिल्ली एंड डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन (डीडीसीए) ने गुरुवार को 2026-27 घरेलू सीजन की सीनियर महिला टी20 ट्रॉफी के पहले दो मैचों के लिए 16 सदस्यीय टीम की घोषणा की है। सोनी यादव को कप्तान और श्वेता सहरावत को उप-कप्तान बनाया गया है।

इस टीम को 14 अक्टूबर को डीडीसीए में हुई सीनियर महिला चयन समिति की बैठक में अंतिम रूप दिया गया। सभी चयनित खिलाड़ियों को गुरुवार को गुरु गोबिंद सिंह कॉलेज ग्राउंड में टीम मैनेजर के पास रिपोर्ट करने के लिए कहा गया है।

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) द्वारा आयोजित सीनियर महिला टी20 ट्रॉफी, 26 अक्टूबर से 20 नवंबर तक खेली जाएगी। 2026-27 सीजन में 37 टीमें हिस्सा लेंगी, जिन्हें 'एलीट' और 'प्लेट' ढांचे के तहत पांच समूहों में बांटा गया है।

यह टूर्नामेंट राउंड-रॉबिन और नॉकआउट प्रारूप में खेला जाएगा, जिससे टीमों को नॉकआउट राउंड में पहुंचने से पहले लीग चरण में प्रतिस्पर्धा करने का मौका मिलेगा। महाराष्ट्र पिछले सीजन में अपना पहला खिताब जीतकर 'डिफेंडिंग चैंपियन' के रूप में इस प्रतियोगिता में उतरेगा। टूर्नामेंट के इतिहास में रेलवे सबसे सफल टीम रही है, जिसने 11 बार खिताब जीता है।

इससे पहले बुधवार को, डीडीसीए ने 2026-27 घरेलू क्रिकेट सीजन के लिए दिल्ली महिला अंडर-15 टीम के चयन हेतु ओपन ट्रायल के लिए योग्य खिलाड़ियों से आवेदन आमंत्रित किए थे। खिलाड़ियों को 18 अक्टूबर 2026 तक ऑनलाइन पंजीकरण प्रक्रिया पूरी करनी होगी। पात्रता के लिए, खिलाड़ियों का जन्म 1 सितंबर 2011 और 31 अगस्त 2014 के बीच होना चाहिए, जो बीसीसीआई गर्ल्स अंडर-15 टूर्नामेंट में भाग लेने के लिए निर्धारित आयु मानदंड के अनुसार है।

ट्रायल की तारीख और शॉर्टलिस्ट किए गए खिलाड़ियों की सूची की घोषणा बाद में की जाएगी।

सीनियर महिला टी20 ट्रॉफी के लिए दिल्ली की टीम: सोनी यादव (कप्तान), श्वेता सहरावत (उप-कप्तान और विकेटकीपर), प्रिया पूनिया, तनीषा सिंह, प्रज्ञा रावत (विकेटकीपर), नजमा, भारती रावल, वंशिका लीला, प्रिया मिश्रा, निधि महतो, दिशा नागर, शिवी शर्मा, सुमिति सोनी, मेधावी बिधूड़ी, गोयिंका शर्मा और अक्षिता जैन।

--आईएएनएस

एसएम/एबीएम

Share this story